नई दिल्ली, 15 दिसंबर 2024, रविवार। दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जिसके चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पहाड़ों में बर्फबारी होने से वहां से आने वाली हवाओं ने मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ा दी है। इससे दिल्ली में ठिठुरने बढ़ गई है। नरेला में न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आया नगर में 7.8, लोधी रोड में 7.0, पालम में 6.4 और रिज में 8.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
पहाड़ों से आने वाली हवाएं सुबह व शाम को ठिठुरन बढ़ा रही हैं। शनिवार को दिन में धूप खिलने के बाद भी ठंडी हवाओं ने सर्दी का अहसास कराया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में कोई बड़ी गिरावट आने का अनुमान नहीं है। इस दौरान अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।