नई दिल्ली, 8 नवंबर 2024, शुक्रवार। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की जगह लेने के लिए कई नामों पर चर्चा हो रही है। हालांकि देश में विधानसभा चुनाव और उपचुनाव हो रहे हैं, लेकिन भाजपा की ओर से संगठनात्मक चुनाव कराने के लिए के लक्ष्मण की अध्यक्षता में बनाई गई कमेटी अपना काम कर रही है और अगले महीने पार्टी को नया अध्यक्ष मिल जाएगा।
नड्डा के उत्तराधिकारी के दावेदार
बीएल संतोष: राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष का नाम भी सामने आया है। उन्होंने पूरे देश में पार्टी के नेटवर्क को समझा है और उनके ऊपर मोदी व शाह के साथ साथ संघ का भी भरोसा है।
धर्मेंद्र प्रधान: दूसरी पीढ़ी के नेताओं में संघ की पसंद केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान बताए जा रहे हैं। वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े रहे हैं और इस वजह से दत्तात्रेय होसबाले और कुछ अन्य पदाधिकारी उनका समर्थन कर रहे हैं।
शिवराज सिंह चौहान: कुछ समय पहले शिवराज सिंह चौहान को सीरियस उम्मीदवार माना जा रहा था। वे भी संघ की पसंद बताए जा रहे हैं।
राजनाथ सिंह: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का नाम भी तीसरी बार भाजपा अध्यक्ष बनने के लिए चर्चा में आया।
भूपेंद्र यादव: दूसरी पीढ़ी के नेताओं में एक दावेदार केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव हैं। वे महाराष्ट्र में चुनाव लड़ा रहे हैं और अगर भाजपा जीतती है तो उनकी दावेदारी मजबूत होगी।
विनोद तावड़े और देवेंद्र फड़नवीस: उनके साथ ही विनोद तावड़े और देवेंद्र फड़नवीस के नाम की भी चर्चा होती रही है।
मनोज सिन्हा: जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा का नाम भी गाहे बगाहे चर्चा में आता रहता है।
यह तय है कि मोदी और शाह को ही संगठन के बारे में फैसला करना है। राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ की भूमिका भी बहुत ज्यादा नहीं रहने वाली है।