वाराणसी, 3 फरवरी 2025, सोमवार। काशी में नाविकों ने जेल में बंद अपने 13 साथियों की रिहाई की मांग को लेकर सोमवार से हड़ताल कर दी है। नाविकों का आरोप है कि पुलिस उनका उत्पीड़न कर रही है। इस हड़ताल के कारण अस्सी से राजघाट के बीच संचालित होने वाली लगभग 3500 नावें बंद हो गई हैं। नाविकों के इस हड़ताल से पर्यटकों को काफी परेशानी हो रही है। वे बिना बोटिंग किए मायूस लौट रहे हैं। नाविकों का कहना है कि जब तक उनके साथियों की रिहाई नहीं होती और उत्पीड़न बंद नहीं होता, तब तक वे अपनी हड़ताल जारी रखेंगे।
वाराणसी में गंगा की नावों में लगेगा रेडियम स्टीकर, बिना स्टीकर वाली नावों पर प्रतिबंध
वाराणसी नगर निगम ने गंगा में चलने वाली नावों में रेडियम युक्त स्टीकर लगाने की शुरुआत की है। इन स्टीकरों पर नाव का लाइसेंस नंबर, क्षमता आदि जानकारी अंकित होगी। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के अनुसार, भविष्य में जिन नावों में यह स्टीकर नहीं पाया जाएगा, उनके संचालन पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। उत्तर प्रदेश अंतरदेशीय जलमार्ग प्राधिकरण अधिनियम, 2023 के तहत गंगा और अन्य नदियों में नावों, मोटरबोट और क्रूज का संचालन किया जाएगा। इस प्राधिकरण में विभिन्न विभागों के नामित सदस्य शामिल होंगे, जो नदियों में संचालित होने वाले नावों के किराया दरें, सुरक्षा मानकों और जलमार्ग से संबंधित व्यवस्थाओं को लागू करेंगे। वर्तमान में, नगर निगम नावों को संचालित करने के लिए लाइसेंस जारी करता है, और नगर निगम अधिनियम 1959 की धारा 172 (1) (ख) के अनुसार नावों पर कर लगाया जाता है।