रूस के दक्षिणी प्रांत- दागेस्तान में ईसाईयों और यहूदियों के धर्मस्थल (सिनेगॉग) पर अत्याधुनिक हथियारों से अंधाधुंध गोलीबारी किए जाने की खबर है। गोलीबारी दागेस्तान के डर्बेंट शहर में हुई है।समाचार एजेंसी पीटीआई ने एपी के हवाले से बताया कि दागेस्तान के गवर्नर ने बताया कि बंदूकधारियों के हमलों में 15 से अधिक पुलिसकर्मियों और कई नागरिकों की हत्या कर दी गई है। रूस की समाचार एजेंसी TASS के मुताबिक सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई में चार आतंकियों को मार गिराया है। हमले में 20 से अधिक लोगों के घायल होने की भी खबर है।
इससे पहले देर रात आई विदेशी मीडिया की शुरुआती खबर में इसे आतंकी हमला बताया गया। फायरिंग में चर्च के पादरी और पुलिसकर्मी समेत सात लोगों की मौत की खबर आई थी। अब मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 15 हो चुका है। देर रात आई शुरुआती खबरों के मुताबिक हमलावरों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई के दौरान रूस के सुरक्षाबलों ने कई हमलावरों को मार गिराया।