जम्मू में बाढ़ के बीच फंसे यात्रियों के लिए रेलवे ने चलाईं दो विशेष ट्रेनें

0
58

जम्मू, 28 अगस्त 2025: भारी बारिश और बाढ़ के कारण जम्मू मंडल में फंसे सैकड़ों यात्रियों को राहत देने के लिए उत्तर रेलवे ने गुरुवार को दो विशेष ट्रेनें संचालित कीं। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा और रेल सेवाओं को बहाल करने के लिए रेलवे ने त्वरित कदम उठाए।

पहली विशेष ट्रेन (संख्या 02238) दोपहर 3:45 बजे जम्मू से बनारस के लिए रवाना हुई, जिसमें 1,400 से 1,500 यात्री सवार थे। इसके बाद दूसरी विशेष ट्रेन (संख्या 04680) शाम 5:40 बजे नई दिल्ली के लिए रवाना हुई, जिसमें 1,500 से अधिक यात्रियों ने यात्रा की। रेलवे के इस त्वरित और कुशल प्रबंधन की यात्रियों ने जमकर सराहना की।

मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल के मार्गदर्शन में सहायक वाणिज्य प्रबंधक जसवंत सिंह और मनोज मीना के नेतृत्व में रेलवे की टीमों ने दिन-रात काम किया। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने भी यात्रियों को सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से ट्रेनों में चढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उचित सिंघल ने बताया कि जम्मू, श्री माता वैष्णो देवी कटरा, पठानकोट कैंट और पठानकोट सिटी जैसे प्रमुख स्टेशनों पर फंसे यात्रियों के लिए भोजन और आवास की व्यवस्था की गई। स्थानीय लोगों के सहयोग से कई स्थानों पर लंगर भी लगाए गए। यात्रियों ने रेलवे के इन प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया, जिससे उन्हें इस संकटकाल में राहत और आश्वासन मिला।

रेलवे प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फंसे यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here