लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को आरोप लगाया कि मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लगाना भाजपा की ओर से शासन करने में उसकी अक्षमता की देर से की गई स्वीकारोक्ति है। अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मणिपुर के प्रति अपनी जिम्मेदारी से इनकार नहीं कर सकते।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू करना भाजपा द्वारा मणिपुर में शासन करने में उसकी पूर्ण अक्षमता की देर से स्वीकारोक्ति है। अब प्रधानमंत्री मोदी मणिपुर के लिए अपनी सीधी जिम्मेदारी से इनकार नहीं कर सकते।
मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया गया है
उन्होंने सवाल किया कि क्या प्रधानमंत्री ने अंतत: राज्य का दौरा करने और मणिपुर और भारत के लोगों को वहां शांति एवं सामान्य स्थिति बहाल करने की अपनी योजना समझाने का मन बना लिया है?
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि आखिरकार वह हुआ, जिसकी मांग पार्टी पिछले 20 महीनों से कर रही थी। मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया गया है।उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रपति शासन तब लगाया गया है जब सुप्रीम कोर्ट ने राज्य में संवैधानिक तंत्र के पूर्ण रूप से ठप हो जाने की बात कही। इसके चलते तीन मई, 2023 से अब तक 300 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं, जबकि 60,000 से अधिक पुरुषों, महिलाओं और बच्चों का विस्थापन हो चुका है। कांग्रेस महासचिव ने एक्स पर पोस्ट किया कि राष्ट्रपति शासन तब लगाया गया, जब मणिपुर के सामाजिक ताने-बाने को गंभीर रूप से क्षति पहुंचने दी गई।