चंडीगढ़, 3 जून 2025, मंगलवार: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने आम आदमी पार्टी (आप) पर तीखा हमला बोलते हुए उसे महिला विरोधी और तानाशाही प्रवृत्ति वाली पार्टी करार दिया। चुग ने आरोप लगाया कि पंजाब की आप सरकार दिल्ली के “ज़मानती नेतृत्व” की कठपुतली बन चुकी है।
चुग ने कहा कि आप की पंजाब इकाई की पूर्व महिला प्रदेश अध्यक्ष प्रीति मल्होत्रा को दिल्ली से थोपी गई नियुक्तियों के विरोध में आवाज़ उठाने की सजा दी गई। पटियाला में धरने पर बैठीं मल्होत्रा को पार्टी ने बर्खास्त कर दिया, जिससे आप का लोकतंत्र विरोधी चेहरा उजागर हुआ। उन्होंने कहा, “पार्टी ने एक महिला नेता की आवाज़ को निर्ममता से कुचल दिया।”
चुग ने आप के सर्वोच्च नेता के निवास पर एक महिला सांसद के साथ हुई अभद्रता और उत्पीड़न की घटना का ज़िक्र करते हुए कहा कि पार्टी ने पीड़िता का साथ देने के बजाय दोषियों को बचाया। उन्होंने 2022 के विधानसभा चुनावों में आप के हर महिला को ₹1000 प्रतिमाह देने के वादे को भी याद दिलाया, जो तीन साल बाद भी पूरा नहीं हुआ।
चुग ने कहा, “पंजाब की जनता द्वारा चुनी गई सरकार अब दिल्ली के ज़मानती नेताओं के इशारों पर चल रही है। आप का असली चेहरा सामने है—जहाँ न महिलाओं के अधिकारों की कद्र है, न आंतरिक लोकतंत्र का सम्मान।”