कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए पंजाब की अमरिंदर सरकार ने राज्य में रोजाना नाइट कर्फ्यू के साथ-साथ विकेंड लॉकडाउन लगाने का फैसला किया है। राज्य कैबिनेट के फैसले के अनुसार अब हर दिन शाम 6 बजे से सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू रहेगा। जहां तक वीकेंड लॉकडाउन की बात है तो यह शुक्रवार शाम 6 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक लागू रहेगा। सरकार ने सभी से घर में रहने की अपील करते हुए कहा है कि जरूरत हो तभी घर से बाहर कदम रखें।
कैबिनेट के फैसले से पहले मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने सोमवार को कहा कि वह कोविड-19 के कारण उपजे हालात से निपटने के लिए लॉकडाउन लगाने के पक्ष में नहीं हैं। मुख्यमंत्री ने यह टिप्पणी एक बैठक में की है। इससे एक दिन पहले राज्य में सात हजार से अधिक नए मामले सामने आए थे जो पिछले साल महामारी के प्रकोप के शुरू होने के बाद एक दिन में सर्वाधिक हैं।
अमरिंदर सिंह ने बताया कि हालात और बिगड़ने का अंदेशा है, खासकर दक्षिण पंजाब में। उन्होंने कहा कि सिर्फ लुधियाना में रविवार को 1300 से ज्यादा मामले आए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मामलों में वृद्धि से निपटने के लिए कड़े उपाय किए जा रहे हैं किंतु वह राज्य में लॉकडाउन का प्रस्ताव नहीं कर रहे हैं, क्योंकि इससे आर्थिक परेशानियां आती हैं और प्रवासी मजदूरों का पलायन होता है।
ऑक्सीजन की सुरक्षा के किए जा रहे उपाय
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ बैठक में कहा कि चिकित्सा ऑक्सीजन को सुरक्षित करने के लिए सभी उपाय किए जा रहे हैं। राज्य सरकार ने अपनी ऑक्सीजन की आपूर्ति बढ़ाने के लिए सोमवार को लुधियाना में वर्धमान स्टील प्लांट का उद्घाटन किया। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक लुधियान के डिप्टी कमिश्नर वरिंदर शर्मा ने कहा कि वर्धमान स्टील प्लांट से हमें प्रतिदिन 1500 सिलेंडर मिल रहे हैं। ऐसी स्थिति में यह एक बड़ी मदद है।