नई दिल्ली, 27 फरवरी 2025, गुरुवार। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक नीलम पहलवान ने दक्षिण पश्चिम दिल्ली के नजफगढ़ क्षेत्र का नाम बदलकर ‘नाहरगढ़’ करने का प्रस्ताव रखा है। उन्होंने दावा किया कि मुगलों ने इसका मूल नाम बदल दिया था। नीलम पहलवान ने दिल्ली विधानसभा में कहा कि नाम बदलने का प्रयास लंबे समय से जारी है।
उन्होंने कहा, “आलम-द्वितीय के समय में मुगल शासन के तहत नजफगढ़ को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। 1857 के विद्रोह के दौरान, राजा नाहर सिंह ने लड़ाई लड़ी और नजफगढ़ क्षेत्र को दिल्ली के क्षेत्र में शामिल किया। हम लंबे समय से नजफगढ़ का नाम नाहरगढ़ कराने की कोशिश कर रहे हैं।”
दिल्ली में भाजपा नेताओं के बीच क्षेत्रों का नाम बदलने की मांग जोर पकड़ती दिख रही है। मुस्तफाबाद में जीत हासिल करने के बाद, भाजपा के वरिष्ठ नेता मोहन सिंह बिष्ट ने घोषणा की कि वह औपचारिक रूप से पदभार संभालने के बाद निर्वाचन क्षेत्र का नाम बदलकर ‘शिव पुरी’ या ‘शिव विहार’ रखने का प्रस्ताव रखेंगे।
पांच फरवरी को हुए चुनाव में भाजपा की निर्णायक जीत के बाद आठवीं दिल्ली विधानसभा का पहला सत्र जारी है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जीत दर्ज की थी, जिससे आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली की सत्ता गंवा दी। भाजपा ने 70 में से 48 सीट पर जीत हासिल की, जबकि आप 22 सीट ही जीत पायी। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पायी।