नई दिल्ली, 17 जनवरी 2025, शुक्रवार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार की सुबह 10:30 बजे दिल्ली के प्रगति मैदान में ‘भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो’ का उद्घाटन किया। यह आयोजन 17 जनवरी से 22 जनवरी 2025 तक चलेगा और इसमें विश्व की जानी-मानी ऑटोमोटिव और मोबिलिटी कंपनियां हिस्सा ले रही हैं।
इस साल के एक्सपो में इलेक्ट्रिक वाहनों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, साथ ही नई गाड़ियों, कलपुर्जों और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में 100 से अधिक नई पेशकश की जाएंगी। ऑटो एक्सपो का आयोजन दिल्ली के तीन स्थानों पर किया जा रहा है: प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम, द्वारका के यशोभूमि और ग्रेटर नोएडा में इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट।
प्रदर्शनी का पहला दिन मीडिया कर्मियों के लिए आरक्षित है, जबकि दूसरा दिन विशेष आमंत्रण के लिए निर्धारित किया गया है। आम लोगों को प्रवेश 19 जनवरी से 22 जनवरी तक मिलेगा।