नई दिल्ली, 24 जनवरी 2025, शुक्रवार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के 76वें स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को बधाई देते हुए कहा है कि यह प्रदेश विकसित भारत के निर्माण में अपना अमूल्य योगदान देगा। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश की सरकार और यहां के लोगों की प्रतिभा एवं परिश्रम से यह प्रदेश विकास के नए अध्याय रचने में जुटा है।
उत्तर प्रदेश का स्थापना दिवस 24 जनवरी को मनाया जाता है, जब 1950 में संयुक्त प्रांत का नाम बदलकर उत्तर प्रदेश कर दिया गया था। यह दिवस पहली बार 2018 में मनाया गया था, जब तत्कालीन राज्यपाल राम नाईक ने इसकी शुरुआत की थी।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा, “उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर राज्य के अपने सभी भाई-बहनों को मेरी ढेरों शुभकामनाएं। भारतीय संस्कृति में अनगिनत पौराणिक और ऐतिहासिक कालखंडों की साक्षी रही यह पावन धरती पिछले आठ वर्षों से विकास के नित-नए अध्याय रचने में जुटी है।”