नई दिल्ली, 20 फरवरी 2025, गुरुवार। दिल्ली में गुरुवार को नए मुख्यमंत्री के रूप में रेखा गुप्ता ने शपथ ली है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रेखा गुप्ता को नई दिल्ली का मुख्यमंत्री बनने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं हैं। उन्होंने कहा कि यह नई जिम्मेदारी उनके नेतृत्व में दिल्ली के विकास और सुशासन को नई दिशा देगी।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में विष्णुदेव साय ने एक खास पल को साझा किया। जब प्रधानमंत्री मोदी मंच पर आए, तो उन्होंने एनडीए के तमाम नेताओं और मुख्यमंत्रियों से मुलाकात की। लेकिन जब विष्णुदेव साय की बारी आई, तो माहौल अलग ही नजर आया। प्रधानमंत्री मोदी ने बड़े ही आत्मीय अंदाज में विष्णुदेव साय का हाथ थाम लिया और लंबे समय तक उनके हालचाल पूछते रहे और छत्तीसगढ़ के विकास को लेकर चर्चा भी मंच पर ही करने लगे।
इस दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी वहां पास में ही मौजूद रहे। पीएम मोदी ने उनसे भी बातचीत की, लेकिन इस दौरान भी पीएम मोदी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का हाथ मजबूती से थामे रहे। दोनों नेताओं के बीच यह आत्मीय और संवाद मंच पर काफ़ी देर तक चला।