नई दिल्ली, 23 जनवरी 2025, गुरुवार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाला साहब ठाकरे की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी प्रतिबद्धता की प्रशंसा की। मोदी ने कहा कि ठाकरे अपने मूल सिद्धांतों पर हमेशा अडिग रहे और कभी भी उससे समझौता नहीं किया। उन्होंने लोक कल्याण और महाराष्ट्र के विकास के लिए काम किया और भारतीय संस्कृति के गौरव को बढ़ाने में अपना योगदान दिया।
बाला साहब ठाकरे शिवसेना के संस्थापक थे और उन्हें हिंदू हृदय सम्राट के रूप में जाना जाता था। उनका जन्म 23 जनवरी 1926 को हुआ था और उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक कार्टूनिस्ट के तौर पर की थी। उन्होंने 1960 से राजनीति में कदम रखा और मराठी माणुस के हक की लड़ाई लड़ने के लिए 1966 में शिवसेना का गठन किया।
बाला साहब के निधन के बाद उनके पुत्र उद्धव ठाकरे ने पार्टी की कमान संभाली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से गठबंधन तोड़ कर उन्होंने कांग्रेस और शरद पवार के नेतृत्व वाली तत्कालीन राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से हाथ मिलाया और फिर वह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री भी बने। बाद में शिवसेना में विद्रोह हो गया और वह दो धड़ों में विभाजित हो गई।