नई दिल्ली, 18 अगस्त 2025: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मिशन ओलंपिक 2036 के तहत राज्य को खेल महाशक्ति के रूप में और सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया। सोमवार को हरियाणा सिविल सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में उन्होंने खेल अवसंरचना को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान करने की योजना पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य के विश्वविद्यालयों में 5 खेल एक्सीलेंस सेंटर स्थापित किए जाएंगे, जहां 15 विभिन्न खेलों के लिए प्रशिक्षण और अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। प्रत्येक सेंटर में तीन खेलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विश्वविद्यालयों के साथ समन्वय कर इस परियोजना को शीघ्र पूरा किया जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा, “हरियाणा पहले से ही देश का खेल हब है। मिशन ओलंपिक 2036 के लिए हम स्टेडियमों का आधुनिकीकरण करेंगे, कोच की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे और खेल विज्ञान, प्रशिक्षण व पोषण को वैश्विक मानकों के अनुरूप बनाएंगे।” उन्होंने जोर देकर कहा कि एक्सीलेंस सेंटर खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करेंगे।
बैठक में खेल मंत्री गौरव गौतम, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, खेल विभाग के प्रधान सचिव नवदीप सिंह विर्क, उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विनीत गर्ग, वित्त विभाग के सचिव मोहम्मद शायन, खेल विभाग के महानिदेशक संजीव वर्मा, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव यशपाल और खेल विश्वविद्यालय राई के कुलपति अशोक कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
यह कदम हरियाणा के खिलाड़ियों को वैश्विक मंच पर और अधिक पदक दिलाने की दिशा में एक मजबूत पहल माना जा रहा है।