नई दिल्ली, 18 दिसंबर 2024, बुधवार। कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद मंगलवार को ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ बिल को लोकसभा में पेश किया गया। इस बिल को अब संयुक्त सदन समिति (जेपीसी) में भेजा जाएगा। पूर्व कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने इस बिल को देश के लिए बहुत अच्छा बताया है। उन्होंने कहा कि यह एक विधान, एक निशान और एक संविधान के सूत्र को मजबूत करता है।
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने यह भी कहा कि जब भारत के नए संसद का उद्घाटन और राम मंदिर बना, तो कुछ लोगों के पेट में दर्द हुआ। तीन तलाक हटाया गया, श्री कल्कि धाम मंदिर का शिलान्यास हुआ तब भी ऐसा हुआ। उनके पेट में ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ को लेकर भी दर्द हो रहा है। जॉर्ज सोरोस की संतानें हर उस फैसले का विरोध करेंगी, जो राष्ट्र की एकता के लिए आवश्यक है।
संभल में पुराने मंदिर मिलने को प्रमोद कृष्णम ने चमत्कार बताया। उन्होंने कहा कि भगवान के अवतार होने से पहले का यह चमत्कार है। जहां तक संभल की बात है, यह भगवान कल्कि की अवतरण स्थली है और यहां पर भगवान खुद आएंगे। जहां भगवान का अवतार होता है, वहां पर पहले कुछ चमत्कार और उपद्रव भी होते हैं।