बहराइच हिंसा पर सियासत, हत्याकांड पर घिरी योगी सरकार, विपक्ष ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा

0
139
बहराइच, 14 अक्टूबर 2024, सोमवार। उत्तर प्रदेश के बहराइच में देर रात मूर्ति विसर्जन के दौरान भयंकर बवाल हुआ। अगले दिन सुबह हालात बेकाबू हो गए हैं। दरअसल बहराइच में मूर्ति विसर्जन के दौरान फायरिंग में एक शख्स राम गोपाल मिश्र की मौत हो गई। इसके बाद दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। सुबह में पहले मृतक रामगोपाल मिश्र का शव रखकर प्रदर्शन किया। इसके बाद धीरे धीरे ये प्रदर्शन हिंसक रुप ले लिया। उपद्रवियों ने हॉस्पिटल को आग के हवाले कर दिया है। साथ ही एक बाईक शो रूम में आगज़नी की गई है। जगह-जगह घरों में तोड़फोड़ की जा रही है।
गाड़ियों को आग के हवाले किया गया है। इधर बवाल तो दूसरी ओर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने भी जोरदार हमला किया। स्थिति को कंट्रोल करने के लिए बहराइच की डीएम मोनिका रानी खुद सड़क पर उतर गई हैं। बहराइच में इंटरनेट बंद कर दिया गया है। बहराइच में बवाल को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ भी एक्शन में आ गए हैं। उन्होंने डीजीपी से ताजा हालात की जानकारी ली है। डीएम मोनिका रानी ने कहा, हम स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं। लॉ एंड ऑर्डर को कायम रखने के लिए पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला है। कुछ जगहों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया है।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के बहराइच में भड़की हिंसा के मामले में सीएम योगी आदित्यनाथ से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हो रही हिंसा और प्रशासन के निष्क्रिय होने की खबरें अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण हैं। कांग्रेस महासचिव ने कहा, जनता से मेरी करबद्ध अपील है कि कृपया कानून अपने हाथ में न लें और शांति बनाए रखें। अखिलेश ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि सबसे पहले अपील है कि जो जो पक्ष उसमें है सभी कानून व्यवस्था बनी रहे इस दिशा में काम करें, जो घटना हुई वो दुःखद है। अखिलेश ने कहा कि मुख्यमंंत्री को न्याय करना चाहिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक जुलूसों में डीजे पर क्या बज रहा है। इसका भी ख्याल रखना चाहिए। यह भी देखना चाहिए कि जो हम बजा रहे हैं उससे दूसरे लोग तो अपमानित नहीं हो रहे।
बहराइच हिंसा पर भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि मैं हाथ जोड़कर दोनों समुदायों के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करता हूं। सरकार सभी को न्याय दिलाएगी। फिलहाल मैं बहराइच में नहीं हूं, केस के सिलसिले में बाहर आया हूं। इस मामले पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि पूरी सरकार फेल हो गई है, सरकार को वहां हुई आगजनी को तुरंत रोकना चाहिए। वहां एक समुदाय को परेशान किया जा रहा है। वहां सिर्फ दिखावा किया जा रहा है, असलियत में कुछ कार्रवाई नहीं हो रही है।
बता दें, रविवार शाम को बहराइच के महसी तहसील के अंतर्गत मंसूर गांव के महाराजगंज इलाके से दुर्गा प्रतिमा विसर्जन का जुलूस निकल रहा था। उसी वक्त सलमान नाम के शख्स के घर के सामने से जब जुलूस गुजरा तो लाउडस्पीकर पर विवाद शुरू हुआ। विवाद में दो पक्ष आमने-सामने आ गए जिसके बाद आरोप है कि सलमान के घर से गोलियां चलाईं गई हैं। इस गोलीबारी में जुलूस के एक व्यक्ति राम गोपाल मिश्रा को गोली लग गई। उसकी हालत बिगड़ गई जिसके बाद उसने हॉस्पिटल ले जाया गया लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
राम गोपाल की मौत के बाद हिंदू संगठन भड़क उठे और हिंसा के विरोद में कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन करने के लिए उतर आए। आरोप है कि गोलीबारी में 5-6 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सलमान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं 30 से ज्यादा लोगों को अभी तक हिरासत में लिया गया है। वहीं, शव को लेकर परिजनों ने पुलिस प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त सजा की मांग करने को लेकर प्रदर्शन किया। पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद परिजन आखिरकार राम गोपाल मिश्रा के अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए। इसके बाद गांव में ही राम गोपाल का अंतिम संस्कार किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here