बहराइच 18 अक्टूबर 2024:
पुलिस से मुठभेड़ के दौरान भागने के प्रयास में दो आरोपियों के पैर में लगी है गोली
बहराइच के महराजगंज में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुई हिंसा मामले में पांच संदिग्धों को बृहस्पतिवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया, जिनमें दो को गोली लगी है। पुलिस के मुताबिक सभी आरोपी नेपाल भागने की कोशिश कर रहे थे।
बहराइच के महराजगंज में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुई हिंसा के बाद से अब तक 62 लोगों को गिरफ्तार किया गया है लेकिन मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से फरार थे। एसटीएफ सभी पर नजर रख रही थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक गुरुवार को पता चला की मुख्य आरोपी ग्रामीण अंचलों से होते हुए नेपाल भागने की कोशिश कर रहे हैं, इस पर विशेष पुलिस दस्ते ने कोतवाली नानपारा क्षेत्र में स्थित हाड़ा बसेहरी गांव के निकट नहर के पास पांचो मुख्य आरोपियों को घेर लिया। पुलिस की घेराबंदी देखकर आरोपियों ने पुलिस टीम पर हमला किया बचाव में पुलिस टीम ने फायरिंग की जिसके चलते मुख्य आरोपियों के पैर में गोली लगी है।
अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा ने बताया कि पांच आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा, महराजगंज की घटना के मामले में आज पुलिस टीम द्वारा पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिनमें मोहम्मद फ़हीन (नामजद), मोहम्मद तालीम उर्फ सबलू, मोहम्मद सरफराज (नामजद), अब्दुल हमीद (नामजद), मोहम्मद अफज़ल। पहले दो की निशानदेही पर मर्डर में प्रयुक्त हुए हथियार की बरामदगी के लिए जब पुलिस टीम लेकर गई तो इनके द्वारा वहां रखे हथियारों से पुलिस पर फायरिंग की गई। जवाबी फायरिंग में दोनों को गोली लगी है। जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उपचार कराया जा रहा है। मर्डर में उपयोग हथियार को बरामद कर लिया गया है।
आपको बताते चले की बीते रविवार को दुर्गा पूजा विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे बजाने को लेकर महसी तहसील के महाराजगंज में हिंसा भड़क उठी थी। हिंसा में गोली लगने से 22 वर्षीय राम गोपाल मिश्रा की मौत हो गई थी। इसके बाद इलाके में तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं बड़े पैमाने पर हुई थी।