N/A
Total Visitor
29.7 C
Delhi
Monday, July 7, 2025

जवानों से PM मोदी बोले-युद्ध को अंतिम विकल्प मानते हैं, पर सामर्थ्य के बिना शांति संभव नहीं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार दिवाली मनाने के लिए केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के कारगिल क्षेत्र में पहुंचे हैं। यहां सेना के उच्च अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने सीमा प्रहरियों को संबोधित करते हुए कहा कि पाकिस्तान के साथ एक भी लड़ाई ऐसी नहीं हुई है। जहां कारगिल ने विजय ध्वज न फहराया हो। दिवाली का अर्थ है कि आतंक के अंत के साथ उत्सव। यही कारगिल ने भी किया था। उन्होंने कहा कि हम युद्ध को अंतिम विकल्प मानते हैं, पर सामर्थ्य के बिना शांति संभव नहीं हो सकती।

भारत माता की जय और वंदे मातरम के उद्घोष के साथ उन्होंने जवानों का उत्साह बढ़ाया। पीएम मोदी ने सैनिकों को जोश से भरपूर कविता भी सुनाई। वहीं, अपने संबोधन में उन्होंने जवानों को अपना परिवार बताया। पीएम ने कहा, लोग दिवाली पर्व अपने परिवार के साथ मनाते हैं। जवान ही मेरा परिवार हैं, इसलिए मैं अपने परिवार के साथ दिवाली मनाने आया हूं। आपके सामर्थ्य से देश में शांति और सुरक्षा है। आपके पराक्रम की वजह से हमारे पर्वों में चार चांद लग जाते हैं। उन्होंने कहा कि अगर देश का जवान स्वदेशी हथियार का इस्तेमाल करेगा तो दुश्मन का परास्त होना तो तय होगा ही, जवान का हौसला भी दस गुना बढ़ जाएगा।

पीएम मोदी ने कहा, मेरे लिए तो वर्षों-वर्ष से मेरा परिवार आप ही सब ( सैनिक) हैं। मेरी दीपावली की मिठास आप के बीच बढ़ जाती है, मेरी दीपावली का प्रकाश आपके बीच है। आगे कहा कि देश सुरक्षित तभी होता है, जब बॉर्डर सुरक्षित हो। अर्थव्यवस्था सशक्त हो और समाज आत्मविश्वास से भरा हो। हाल ही में ईसरो ने ब्रॉडबेंड का विस्तार करते हुए करीब 36 सैटेलाइट स्पेस में छोड़े। पिछले सात-आठ साल में देश की अर्थव्यवस्था भी 10वें पायदान से पांचवें स्थान पर पहुंची है। ये सफलताएं सभी को गर्व करने का मौका देती हैं। सेना के जवान भी खुश होते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत विकास पथ पर आगे बढ़ रहा है। यह सब कुछ इसलिए हो पा रहा है क्योंकि भारत अपने भीतरी और बाहरी दुश्मनों के साथ मोर्चा ले रहा है। देश के दुश्मनों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई हो रही है। आतंकवाद, नक्सलवाद और अतिवाद की जड़ों को उखाड़ा जा रहा है। नक्सलवाद का दायरा लगातार सिमट रहा है। भ्रष्टाचार के खिलाफ निर्णायक युद्ध लड़ा जा रहा है। भ्रष्टाचारी जितना भी बड़ा व्यक्ति हो वो अब बच नहीं सकता। आज राष्ट्रहित में बड़े-बड़े फैसले तेजी से लिए जाते हैं।

नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनने के बाद से हर साल दिवाली का त्योहार जवानों के साथ मनाते आ रहे हैं। इस बार 9वीं बार दिवाली मनाने के लिए सीमांत क्षेत्र कारगिल पहुंचे। 2014 में प्रधानमंत्री का पद संभालने के बाद जवानों संग दिवाली मनाते हैं।

पीएम मोदी की सरहद वाली दिवाली

4 नवंबर 2021: पीएम मोदी राजोरी के नौशेरा सेक्टर में जवानों संग दिवाली मनाई।

14 नवंबर 2020: पीएम मोदी ने सातवीं दिवाली जैसलमेर के लोंगेवाला पोस्ट पर जवानों के साथ प्रकाश पर्व मनाया था ।

27 अक्तूबर 2019: पीएम मोदी ने 2019 में एलओसी पर जवानों के साथ दिवाली मनाई थी। पीएम मोदी राजौरी में एलओसी पर तैनात सैनिकों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया था।

7 नवंबर 2018: 2018 में पीएम मोदी ने भारत तिब्बत सीमा पुलिस के जवानों के साथ उत्तराखंड के हर्षिल में दिवाली मनाई थी।

18 अक्तूबर 2017: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जवानों के संग दिवाली मनाई थी। तब वे जम्मू कश्मीर के गुरेज में सैनिकों के बीच दिवाली मनाकर उनका जोश बढ़ाया था।

30 अक्तूबर 2016 : पीएम मोदी 2016 में हिमाचल के किन्नौर में दिवाली मनाने पहुंचे थे। यहां उन्होंने भारत चीन बॉर्डर के पास जवानों के साथ दिवाली मनाई थी।

11 नवंबर 2015: पीएम मोदी ने पंजाब में जवानों के साथ दिवाली मनाई थी। यहां वे 1965 युद्ध के वॉर मेमोरियल का दौरा भी करने पहुंचे थे।

दीपावली के अवसर पर सीडीएस जनरल अनिल चौहान, एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी और जनरल मनोज पांडे सहित सशस्त्र बलों के शीर्ष अधिकारियों ने अग्रिम स्थानों पर सैनिकों के साथ त्योहार मनाने पहुंचे। साथ ही उन्होंने विभिन्न सीमावर्ती स्थानों का दौरा कर वीर सैनिकों का हौसला बढ़ाया।

सीडीएस जनरल अनिल चौहान ने राष्ट्र की सेवा में अपने प्राणों की आहुतिो देने वाले वीरों को श्रद्धांजली देने के लिए नमन स्थल नौशेरा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने राजोरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर तैनात जवानों से बातचीत भी की और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

 

newsaddaindia6
newsaddaindia6
Anita Choudhary is a freelance journalist. Writing articles for many organizations both in Hindi and English on different political and social issues

Advertisement

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

2,300FansLike
9,694FollowersFollow
19,500SubscribersSubscribe

Advertisement Section

- Advertisement -spot_imgspot_imgspot_img

Latest Articles

Translate »