गुजरात में रविवार शाम हुए मोरबी पुल हादसे में अब तक 132 लोगों के मरने की खबर है। वहीं, करीब 177 लोगों को बचा लिया गया है और 19 लोगों का इलाज चल रहा है। सेना, नौसेना, वायु सेना, एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड तलाशी व बचाव अभियान चला रही है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात और राजस्थान के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। पीएम मोदी ने मोरबी पुल हादसे के मद्देनजर आज अहमदाबाद में होने वाले अपने रोड शो को रद्द करने का फैसला किया है। रविवार की देर शाम गुजरात भाजपा मीडिया सेल ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री मोदी की वर्चुअल उपस्थिति में होने वाला पेज कमेटी स्नेह मिलन कार्यक्रम भी स्थगित कर दिया गया है। साथ ही गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल हादसे के बाद मोरबी सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां मोरबी ब्रिज गिरने से घायल हुए मरीजों को भर्ती कराया गया है।
Morbi Bridge Collapse: 132 की मौत, बचाव अभियान जारी
गुजरात में रविवार शाम हुए मोरबी पुल हादसे में अब तक 132 लोगों के मरने की खबर है। गुजरात सूचना विभाग ने कहा कि सुबह तक 132 लोगों की मौत हो चुकी है। करीब 177 लोगों को बचा लिया गया है। 19 लोगों का इलाज चल रहा है। सेना, नौसेना, वायु सेना, एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड तलाशी व बचाव अभियान चला रही है।
मोरबी हादसे के मद्देनजर पीएम मोदी ने रद्द किया आज होने वाला रोड शो
पीएम मोदी ने मोरबी पुल हादसे के मद्देनजर आज अहमदाबाद में होने वाले अपने रोड शो को रद्द करने का फैसला किया है। गुजरात भाजपा के मीडिया संयोजक डॉ. याग्नेश दवे ने इस खबर की पुष्टि की कि मोरबी त्रासदी के मद्देनजर सोमवार को उत्सव का कोई कार्यक्रम नहीं होगा। हालांकि 2900 करोड़ की रेलवे परियोजनाओं को समर्पित करने का कार्यक्रम अपने तय समय के अनुसार होगा। मोरबी हादसे में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित कई लोगों के मारे जाने की खबर है।
पुल हादसे में घायल लोगों से मिले सीएम भूपेंद्र पटेल
गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल मोरबी सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां मोरबी ब्रिज गिरने से घायल हुए मरीजों को भर्ती कराया गया है। यहां सीएम ने मरीजों की हालत का जायजा लिया। राज्य सरकार की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि सीएम पटेल मोरबी पहुंचने के बाद गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी के साथ नदी तट पर पहुंचे और अधिकारियों से जारी बचाव अभियान की जानकारी ली। वहीं कई घायल मरीजों से मुख्यमंत्री ने बात भी की।
उगते सूर्य को अर्घ्य देने घाटों पर उमड़े श्रद्धालु
आज यानी 31 अक्तूबर को उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ पर्व संपन्न होगा। प्रत्येक वर्ष लोक आस्था का महापर्व छठ कार्तिक शुक्ल षष्ठी को मनाया जाता है। छठ पर्व की शुरुआत 28 अक्तूबर को नहाए-खाय के साथ हुई थी।
शीर्ष अधिकारियों के बाद ट्विटर के हर स्तर के कर्मचारियों पर लटकी छंटनी की तलवार
44 अरब डॉलर में ट्विटर को खरीदने के बाद अरबपति कारोबारी एलन मस्क ने सबसे पहले ट्विटर के चार शीर्ष अधिकारियों को नौकरी से निकाल दिया। इनमें सीईओ पराग अग्रवाल, कानूनी कार्यकारी अधिकारी विजया गड्डे, मुख्य वित्तीय अधिकारी नेड सेगल और जनरल काउंसल सीन एजेट शामिल हैं। अब बताया जा रहा है कि मस्क कंपनी के कुल स्टाफ में भी कटौती चाहते हैं।
भारत के सात्विक-चिराग ने रचा इतिहास
भारत के सात्विक-चिराग की स्टार जोड़ी ने रविवार ने 2022 में अपना शानदार फॉर्म जारी रखते हुए ताइवान के लू चिंग-याओ/यांग पो हान को हराकर बैडमिंटन फ्रेंच ओपन पुरुष डबल जीत लिया है। यह उनका 11वां खिताब है। एकतरफा मुकाबला करीब 48 मिनट तक चला, शुरू से ही भारतीय जोड़ी कोर्ट पर हावी रही। जिससे विपक्षी खिलाड़ियों का जीतना मुश्किल हो गया।
आज बंद हो जाएगी फूलों की घाटी
विश्व धरोहर फूलों की घाटी आज शीतकाल में पर्यटकों के लिए बंद कर दी जाएगी। वन विभाग ने इसको लेकर पूरी तैयारी कर ली है। इस साल घाटी में 20,827 पर्यटक पहुंचे, जिसमें 280 विदेशी पर्यटक भी शामिल हैं। यह अब तक घाटी में पहुंचने वाले पर्यटकों का सर्वाधिक रिकॉर्ड है
27 फीसदी कैंसर की वजह तंबाकू, पांच साल से नहीं बढ़ा टैक्स
देश में सालाना कैंसर मरीजों में औसतन 10 से 15 फीसदी तक की बढ़ोतरी हो रही है। 2010 में आठ लाख से बढ़कर 2020 तक मरीजों की संख्या 13 लाख पार कर गई। इनमें 27 फीसदी यानी 10 में से करीब तीन मरीज तंबाकू उत्पादों की वजह से कैंसर की चपेट में आए है।
डीयू में आज से शुरू होगा स्पोर्ट्स कोटे का ट्रायल
दिल्ली विश्वविद्यालय में आज से स्पोर्ट्स कोटे के तहत स्नातक दाखिले के लिए ट्रायल शुरू होगा। कोरोना महामारी के दो साल बाद डीयू में स्पोर्ट्स ट्रायल का आयोजन होगा। ट्रायल का आयोजन डीयू के विभिन्न कॉलेजों में चार नवंबर तक किया जाएगा।
भारत 2035 तक अपना अंतरिक्ष स्टेशन बनाने की कर रहा तैयारी
भारत ने अपना अंतरिक्ष स्टेशन 2035 तक बनाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए नया रॉकेट नेक्स्ट जनरेशन लॉन्च व्हीकल (एनजीएलवी) भी बनाया जा रहा है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने इस दोबारा प्रयोग हो सकने वाले रॉकेट के विकास के लिए निजी क्षेत्र को साथ काम करने का प्रस्ताव भी दिया है।
ब्राजील के मौजूदा राष्ट्रपति बोल्सोनारो सत्ता से बाहर, वामपंथी लूला ने हासिल की जीत
वामपंथी वर्कर्स पार्टी के लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने राष्ट्रपति चुनाव में शानदार जीत हासिल की है। उन्होंने मौजूदा राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो को हरा दिया है। ब्राजील के चुनावी अधिकारियों के हवाले से एसोसिएटेड प्रेस ने ये खबर दी है।