संयुक्त राष्ट्र, 25 जुलाई 2025: पाकिस्तान अधिकृत बलूचिस्तान के लोगों ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) के सदस्य देशों से आग्रह किया है कि वे पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित प्रस्ताव संख्या 2788 (2025) को खारिज करें। बलूच प्रतिनिधियों ने इसे पाकिस्तान सरकार की एक कूटनीतिक चाल, पाखंड और क्षेत्र के वास्तविक मुद्दों को कमजोर करने का प्रयास करार दिया है।
बलूच समुदाय ने संयुक्त राष्ट्र से पाकिस्तान के दोहरे चरित्र पर तत्काल ध्यान देने की मांग की है। उनका कहना है कि एक तरफ पाकिस्तान शांति और क्षेत्रीय विवादों के अहिंसक समाधान की वकालत करता है, वहीं दूसरी तरफ बलूचिस्तान में सैन्य अभियान चला रहा है। इस गैरकानूनी कब्जे के कारण क्षेत्र में गंभीर मानवीय संकट और अस्थिरता पैदा हो रही है।
बलूच नेताओं ने संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मांग की है कि बलूचिस्तान को औपचारिक रूप से एक अधिकृत क्षेत्र के रूप में मान्यता दी जाए। उन्होंने पाकिस्तान को बलूचिस्तान के हवाई क्षेत्र, भूमि और समुद्री सीमाओं से अपनी सेना हटाने के लिए मजबूर करने हेतु ठोस कदम उठाने का आह्वान किया है, ताकि बलूच लोगों की शांति, स्थिरता और संप्रभुता बहाल हो सके।
बलूच प्रतिनिधियों ने अपनी मांग को दोहराते हुए कहा, “पाकिस्तान को शांतिपूर्ण तरीके से बलूचिस्तान से अपनी सेना वापस बुलानी होगी।”
संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस मुद्दे पर त्वरित कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है।