नई दिल्ली, 21 दिसंबर 2024, शनिवार। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला का 20 दिसंबर को निधन हो गया है। वह 89 साल के थे और गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उनका निधन हुआ। उनके निधन पर हरियाणा सरकार ने तीन दिन के राजकीय शोक का ऐलान किया है और 21 दिसंबर को प्रदेश में एक दिन की छुट्टी रहेगी। ओम प्रकाश चौटाला का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव तेजा खेड़ा लाया गया है, जहां उनके अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है। उनके पार्थिव शरीर को सुबह 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक दर्शन के लिए रखा जाएगा, इसके बाद 3:00 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
ओम प्रकाश चौटाला हरियाणा के पांच बार मुख्यमंत्री रह चुके थे और उन्हें राज्य की राजनीति में एक महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त था। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई अन्य राजनीतिक नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने उनके साथ एक तस्वीर पोस्ट कर शोक व्यक्त किया। पीएम मोदी ने कहा, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। प्रदेश की राजनीति में वे वर्षों तक सक्रिय रहे और चौधरी देवीलाल जी के कार्यों को आगे बढ़ाने का निरंतर प्रयास किया। शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर कहा, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला जी के निधन की खबर सुनकर अत्यंत दुख हुआ। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और उनके परिवारजनों और समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।