नई दिल्ली, 12 मई 2025, सोमवार। भारत और पाकिस्तान के बीच हाल ही में हुए सीजफायर समझौते के बाद देश के विदेश सचिव विक्रम मिसरी सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का शिकार हो गए। उनकी बेटी के खिलाफ की गई अभद्र और निजी टिप्पणियों ने न केवल विवाद को जन्म दिया, बल्कि राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) को भी इस मामले में कड़ा रुख अपनाने के लिए मजबूर कर दिया।
10 मई की शाम 5 बजे सीजफायर की घोषणा के बाद मिसरी के सोशल मीडिया हैंडल पर ट्रोल्स ने निशाना साधना शुरू किया। स्थिति तब और बिगड़ गई, जब उनकी बेटी की निजी जानकारी सार्वजनिक करने के साथ-साथ आपत्तिजनक कमेंट किए गए। बढ़ते हमलों के बाद मिसरी को अपना X अकाउंट प्रोटेक्टेड करना पड़ा, जिसके चलते अब केवल वेरिफाइड यूजर्स ही उनके पोस्ट देख या कमेंट कर सकते हैं।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। आयोग ने अपने बयान में कहा, “विदेश सचिव विक्रम मिसरी के परिवार, विशेष रूप से उनकी बेटी के खिलाफ ऑनलाइन दुर्व्यवहार निंदनीय और अस्वीकार्य है। उनकी निजी जानकारी साझा करना गोपनीयता का गंभीर उल्लंघन है, जो उनकी सुरक्षा को खतरे में डालता है।” NCW ने आगे जोड़ा कि देश के वरिष्ठ सिविल सेवकों के परिवार पर इस तरह के व्यक्तिगत हमले नैतिक रूप से अक्षम्य हैं। आयोग ने सभी से शालीनता और संयम बरतने की अपील की है।