मध्य प्रदेश में विदिशा जिले के गंजबासौदा में बृहस्पतिवार रात को कुएं में फिसलकर गिरी एक बच्ची को बचाने के लिए इसकी मेड़ पर खड़े कई लोग अचानक मिट्टी धंसने से कुएं में गिर गए और मलबे में दब गए। इनमें से 16 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और बचाव कार्य अब भी जारी है। घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है।
अब तक यह पता नहीं चल पाया है कि कुल कितने लोग इस मलबे में दबे हैं। यह कुआं करीब 50 फुट गहरा है और इसमें करीब 20 फुट तक पानी बताया गया है। मुख्यमंत्री घटनास्थल पर चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की स्वयं निगरानी कर रहे हैं। चौहान ने घटना की उच्च स्तरीय जांच और पीड़ितों को हर संभव चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मारे गए लोगों की मौत पर दुख जताया।