बलरामपुर (छत्तीसगढ़), 23 जून 2025: एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक नई-नवेली दुल्हन ने अपने पति की जिंदगी को महज एक महीने में खौफनाक अंजाम दे दिया। 22 साल के बूढ़नाथ को उसकी पत्नी सुनीता ने चिकन-भात में कीड़े मारने की दवा मिलाकर खिला दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी दुल्हन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
झारखंड के रंका थाना क्षेत्र के बाहोकुदर गांव के बूढ़नाथ की शादी 11 मई 2025 को बलरामपुर के बिशनपुर गांव की सुनीता से हुई थी। शादी के कुछ दिन ससुराल में बिताने के बाद सुनीता अपने मायके चली गई और बार-बार बुलाए जाने के बावजूद ससुराल लौटने से इनकार करती रही। 5 जून को सामाजिक बैठक में फैसला होने के बाद उसे ससुराल जाना पड़ा, लेकिन उसका मन पति के साथ रहने को बिल्कुल नहीं था।
जबरन शादी बनी हत्या की वजह
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि सुनीता को बूढ़नाथ पसंद नहीं था, लेकिन परिवार के दबाव में उसकी जबरन शादी कर दी गई। शादी के कुछ ही दिनों बाद से सुनीता अपने पति को रास्ते से हटाने की साजिश रचने लगी। उसने तीन बार खाने में जहर मिलाकर हत्या की कोशिश की, लेकिन नाकाम रही। आखिरकार, ससुराल लौटते वक्त उसने बाजार से कीटनाशक खरीदा और चिकन-भात में मिलाकर पति को खिला दिया, जिससे बूढ़नाथ की मौत हो गई।
पुलिस की कार्रवाई
मृतक की मां की शिकायत पर रंका पुलिस ने सुनीता को हिरासत में लिया। शुरुआत में उसने सास पर हत्या का आरोप लगाया, लेकिन सख्त पूछताछ में उसने गुनाह कबूल कर लिया। रंका अनुमंडल के SDPO रोहित रंजन सिंह ने बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
यह खौफनाक वारदात पूरे गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है, जहां लोग हैरान हैं कि कैसे एक नई-नवेली दुल्हन ने इतनी बेरहमी से अपने पति की जान ले ली।