नई दिल्ली, 26 जून 2025: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने नई दिल्ली में हिंदुस्थान समाचार द्वारा आयोजित ‘इमरजेंसी के 50 साल’ कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने 1975 में लगाए गए आपातकाल को तानाशाही करार देते हुए इसके खिलाफ संघर्ष करने वाले सत्याग्रहियों और कार्यकर्ताओं के बलिदान को याद किया।
गडकरी ने अपने संबोधन में कहा, “1975 में लगाए गए तानाशाही आपातकाल को 50 वर्ष पूर्ण हुए हैं। इस आपातकाल के कार्यकाल में हमारे कार्यकर्ताओं और सत्याग्रहियों ने जो संघर्ष किया, जो बलिदान दिया, उसे हमें भविष्य में सजगता के साथ याद रखना चाहिए।” उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा के लिए उस दौर के संघर्ष को प्रेरणादायी बताते हुए वर्तमान पीढ़ी से इसे आत्मसात करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले, हिंदुस्थान समाचार के समूह संपादक रामबहादुर राय, गोविंदाचार्य, मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, हिंदुस्थान समाचार के प्रमुख अरविंद माड़िकर, सच्चिदानंद जोशी और आकाश पाटिल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
यह आयोजन आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया, जिसमें उस दौर की चुनौतियों और लोकतंत्र के लिए किए गए संघर्षों पर प्रकाश डाला गया।