वाराणसी, 10 अक्टूबर 2024, गुरुवार। पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित होने के बाद शहर में पूजा की धूम शुरू हो गई। पूजा पंडालों में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई। वैसे बुधवार को तिथि को लेकर लोगों में भ्रम की काफी स्थिति बनी रही। पंचांग के मुताबिक बुधवार मध्याह्न 12.15 तक षष्ठी तिथि रही। इसके बाद सप्तमी तिथि लग गई। इसी के चलते कई पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं रख दी गई लेकिन उनका चेहरा ढका हुआ था। कई पूजा पंडालों में देर शाम मां का चेहरा खोला गया। इसी के साथ पूरे शहर में दुर्गा पूजा की धूम शुरू हो गई।
बीएचयू में सजा देवी दुर्गा का दरबार
बीएचयू परिसर स्थित मधुबन में आयोजित दुर्गा पूजनोत्सव का शुभारंभ बुधवार को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सुधीर कुमार जैन ने भगवती दुर्गा की आरती कर किया। इसके पूर्व वैदिक ब्रह्मणों द्वारा विधि-विधान से मां दुर्गा की प्राण प्रतिष्ठा की गई। पंडाल में स्थापित मां दुर्गा की आकर्षक झांकी देखने के लिए देर रात तक छात्र-छात्राओं की भीड़ लगी रही। पूजन-अर्चन के दौरान आयोजन समिति के भास्कर भट्टाचार्य, वी साहा, प्रो. जेके राय, प्रो. अनुपम नेमा, डा. पीएस राणा, डा. शैलेंद्र कुमार, संदीप संड, एएन सिंह, मुर्तजा आलम आदि उपस्थित रहे।
त्योहार पर काशी विश्वनाथ धाम नो-व्हीकल जोन
पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट मोहित अग्रवाल द्वारा आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत शहर क्षेत्र का बुधवार को भ्रमण कर यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पूरे शहर को ले आउट बनाते हुए गोदौलिया से मैदागिन तक बनाया जायेगा नो व्हीकल जोन का निर्देश दिया, (तीन पहिया व चार पहिया वाहन रहेंगे प्रतिबन्धित), दिव्यांगों, वृद्ध, बीमार, गर्भवती महिला व पैदल चलने में अक्षम लोगों की सुविधाओं के दृष्टिगत प्रशासन द्वारा निःशुल्क ई-रिक्शा संचालित किया जायेगा। स्थानीय दुकानदारों के लिए वाहनों की छूट रहेगी। निर्देशित किया कि सुगम यातायात व्यवस्था हेतु नियुक्त उत्तरदायी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर यातायात व्यवस्था संभालते हुए अतिक्रमण पर ध्यान देंगे।