देश में कोरोना की दूसरी लहर के कारण हाहाकार मचा हुआ है। एक ओर जहां वैक्सीनेशन का काम तेजी से जारी है तो वहीं दूसरी ओर बॉलीवुड भी मदद के लिए आगे आ चुका है। टीवी और बॉलीवुड के कई सितारे अपनी- अपनी तरह से अलग- अलग स्तर पर लोगों की मदद कर रहे हैं। ऐसे में अब मीका सिंह भी मैदान में उतर चुके हैं।
मीका ने शुरू किया लंगर
सोशल मीडिया पर विरल भियानी ने मीका सिंह का एक वीडियो शेयर किया है। इसके साथ ही विरल ने पोस्ट के कैप्शन में इस बात की जानकारी दी है कि मीका सिंह ने एक हजार से अधिक लोगों के लिए मुंबई में लंगर की व्यवस्था की है। वहीं वीडियो में दिख रहा है कि मीका सिंह खुद जरूरतमंदों को फूड पैकेट्स बांट रहे हैं। वीडियो में मीका बस से लेकर ऑटो तक में फूड पैकेट्स बांट रहे हैं।
बीते साल भी मीका ने की थी मदद
याद दिला दें कि कोविड की मार बीते साल भी पड़ी थी। ऐसे में सिर्फ इस बार ही नहीं बल्कि पिछले साल भी मीका सिंह मदद के लिए आगे आए थे। मीका सिंह ने दिल्ली में हजारों लोगों के भोजन की व्यवस्था की थी। वहीं रिपोर्ट्स के मुताबिक दिल्ली के लंगर की व्यवस्था अब भी जारी है।
मदद के लिए तैयार बॉलीवुड
गौरतलब है कि कोविड के खिलाफ लड़ाई में कई बॉलीवुड सितारे आगे बढ़ चढ़कर मदद कर रहे हैं। कुछ सितारों ने जहां आर्थिक मदद की है तो वहीं कई सितारे जरूरमंद लोगों की भोजन से मदद कर रहे हैं। इसके अलावा सोनू सूद तो हर तरह से हर किसी की मदद के लिए आगे खड़े हैं।