हरियाणा में घने कोहरे का प्रकोप जारी है। हालांकि शनिवार को आंशिक राहत मिलने के आसार हैं। 30 दिसंबर को कुछ ही स्थानों पर घना कोहरा छाएगा। वहीं, मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते कहा कि अगले दो दिन राज्य के अधिकतर शहरों में शीत दिन (कोल्ड दिन) रहने की संभावना है। यानी बेहद ठंड रिकॉर्ड की जाएगी।
शीत दिन की स्थिति में न्यूनतम तापमान दस डिग्री से कम और अधिकतम तापमान सामान्य से चार से छह डिग्री तक कम हो जाता है। गुरुवार को भी हरियाणा के अंबाला, रोहतक और करनाल में शीत दिन की स्थिति बनी रही। अधिकतम तापमान में 10 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। बुधवार के मुकाबले गुरुवार को अंबाला के अधिकतम तापमान में 8.3 डिग्री, करनाल में 10.4, पानीपत में 5.6, यमुनानगर में 9.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने 29 दिसंबर के लिए सभी शहरों में घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को भी लगभग सभी इलाकों में घना कोहरा छाया रहेगा। वहीं, 30 को ऑरेंज और 31 व एक जनवरी को यलो अलर्ट जारी किया है। अगले चार से पांच दिन मौसम शुष्क रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है। वहीं, न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव नहीं दिखेगा। अगले दो दिन शीत दिन की स्थिति रहने की संभावना है।