वाराणसी, 14 फरवरी 2025, शुक्रवार। काशी-तमिल संगमम 3 का उद्घाटन 15 फरवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान करेंगे। यह 10 दिनी आयोजन नमो घाट पर होगा, जिसमें लेखकों, शिक्षकों और छात्रों समेत 1200 लोग भाग लेंगे। इस आयोजन की थीम ऋषि अगस्त्य और महाकुम्भ है, जिसका उद्देश्य काशी और तमिलनाडु के लोगों को दोनों संस्कृतियों के बीच सम्बंधों की जानकारी देना है। ऋषि अगस्त्य का दक्षिण भारतीय चिकित्सा प्रणाली ‘सिद्धा में महत्वपूर्ण योगदान है।
आयोजन में शामिल हर समूह का वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या मिलाकर कुल चार दिन का दौरा होगा। बीएचयू के ओंकारनाथ ठाकुर सभागार में एकेडमिक सत्र में तमिलनाडु के समूहों का काशी के सम्बंधित वर्गों संग संवाद होगा। सभी विश्वनाथ मंदिर, मां विशालाक्षी और मां अन्नपूर्णा मंदिर में दर्शन-पूजन करने जाएंगे। अबकी रामनगर का किला भी दिखाया जाएगा। गंगा में बोटिंग के साथ हनुमान घाट स्थित सुब्रमण्यम भारतीजी के आवास पर भी ले जाया जाएगा। दक्षिण भारत से 100 से ज्यादा कलाकार भी आएंगे, जो रोज शाम को नमो घाट पर सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति देंगे।