आगरा में बैटरी कारोबारी योगेश मिश्रा, उनकी पत्नी प्रतीची मिश्रा और मासूम बेटी काव्या के शवों के पोस्टमार्टम शुक्रवार रात को हो गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि प्रतीची की मौत गुरुवार की रात ही हो गई थी। बेटी काव्या ने शुक्रवार तड़के दम तोड़ा। दोनों की मौत कैसे हुई? यह पता नहीं चल सका। इसलिए विसरा सुरक्षित रखा गया है।
ऐसे में विषाक्त पदार्थ खाने की आशंका है। वहीं योगेश की मौत का कारण फांसी लगने से आया है। मारुति एन्क्लेव निवासी योगेश मिश्रा और उनकी पत्नी प्रतीची मिश्रा के शव बंशी विहार में ऑफिस में मिले थे। प्रतीची का शव फर्श पर पड़ा था। योगेश मिश्रा फंदे पर लटके थे। मारुति एन्क्लेव स्थित घर पर पांच वर्षीय छोटी बेटी काव्या का शव मिला था। ऑफिस में सुसाइड नोट भी मिला था। उसमें खुदकुशी की वजह नहीं लिखी थी।
शुक्रवार देर रात शवों के पोस्टमार्टम हुए। क्षेत्राधिकारी लोहामंडी एएसपी सत्यनारायण ने बताया कि योगेश मिश्रा ने फांसी लगाई थी। रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिग आई है। मां-बेटी की मौत की आशंका विषाक्त पदार्थ से जताई जा रही थी।
रिपोर्ट में मौत की वजह पता नहीं चली। आशंका है कि उन्होंने विषाक्त पदार्थ खाया। इसका पता करने के लिए दोनों के विसरा सुरक्षित रखे गए हैं। किस विषाक्त पदार्थ से मौत हुई यह पता लगाने के लिए विसरा की जांच कराई जाएगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला कि प्रतीची की मौत गुरुवार देर रात हुई थी। जिस समय पोस्टमार्टम हुआ शव एक दिन पुराना था। वहीं काव्या की मौत शुक्रवार सुबह तड़के होना आया। प्रतीची ने पहले और बेटी काव्या ने कई घंटे बाद दम तोड़ा। मां-बेटी की मौत के बाद योगेश मिश्रा ने ऑफिस में आकर की फांसी लगाई।
संयोग से बची बड़ी बेटी
पुलिस का कहना है कि बड़ी बेटी आद्या की जान संयोग से बच गई। उसने कुछ नहीं खाया था। इसलिए उसके शरीर में विषाक्त पदार्थ नहीं पहुंचा।
सात साल पहले बंशी विहार में खोला था कार्यालय
परिवार के लोगों ने बताया कि योगेश मिश्रा ने सात साल पहले बंशी विहार में अपना कार्यालय खोला था। उनके मकान के पीछे ही दीप कुंज कालोनी है। इसमें रहने वाले लोग प्रतीची और उनके बच्चों को जानते थे। बच्चे अक्सर आया करते थे। पीछे ही मंदिर बना हुआ है। इसमें प्रतीची आती थीं। मंदिर में लोगों के लिए प्रतीची ने एक पानी की टंकी भी रखवाई थी। सुबह घटना की जानकारी होने पर महिलाएं आ गईं।