23.1 C
Delhi
Wednesday, March 12, 2025

यादों में मनमोहन सिंह: देश में शोक की लहर, 7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित

नई दिल्ली, 27 दिसंबर 2024, शुक्रवार। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का दिल्ली के एम्स में गुरुवार रात निधन हो गया। उनके निधन से देशभर में शोक की लहर है। केंद्र सरकार ने दुख की इस घड़ी में 7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। शुक्रवार के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। शुक्रवार को 11 बजे पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि देने के लिए कैबिनेट की बैठक होगी।
बता दें, मनमोहन सिंह को गंभीर हालत में रात करीब साढ़े आठ बजे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था। एम्स ने एक बुलेटिन में कहा कि वह घर पर अचानक बेहोश हो गए थे। उन्हें घर पर तत्काल होश में लाने के प्रयास किए गए। जिसके बाद उन्हें रात आठ बजकर छह मिनट पर दिल्ली एम्स लाया गया। तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें होश में नहीं लाया जा सका और रात 9.51 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
देश ने खोया एक महान अर्थशास्त्री और नेता: पीएम मोदी
मनमोहन सिंह के निधन की खबर सामने आने के बाद देश के तमाम राजनीतिक दिग्गज उन्हें याद कर श्रद्धांजलि दे रहे हैं। इस क्रम में पीएम नरेंद्र मोदी ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन पर दुख जताते हुए श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, ‘भारत अपने सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन पर शोक में है। वह साधारण परिवार से उठकर एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बने। उन्होंने वित्त मंत्री सहित विभिन्न सरकारी पदों पर कार्य किया और वर्षों तक हमारी आर्थिक नीति पर एक मजबूत छाप छोड़ी। संसद में उनका हस्तक्षेप भी व्यावहारिक था। हमारे प्रधानमंत्री के रूप में, उन्होंने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए कई प्रयास किए।’
राहुल गांधी ने मनमोहन सिंह के निधन पर जताया दुख, कहा- मैंने एक गुरु और मार्गदर्शक खो दिया है
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने मनमोहन सिंह के निधन पर दुख जताते हुए एक्स पर लिखा, ‘मनमोहन सिंह जी ने असीम बुद्धिमत्ता और निष्ठा के साथ भारत का नेतृत्व किया। उनकी विनम्रता और अर्थशास्त्र की गहरी समझ ने देश को प्रेरित किया। उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैंने एक गुरु और मार्गदर्शक खो दिया है। हम में से लाखों लोग उनके प्रशंसक थे जो उन्हें गर्व के साथ याद करेंगे।’
अमित शाह ने मनमोहन सिंह के निधन पर जताया दुख, कहा- देश ने खोया एक महान नेता
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्व पीएम के निधन पर दुख जताया है। उन्हें एक्स पर लिखा, ‘पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन की सूचना अत्यंत दुःखद है। भारतीय रिजर्व बैंक में गवर्नर से लेकर देश के वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में डॉ. मनमोहन सिंह जी ने देश की शासन व्यवस्था में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों व समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। वाहेगुरु उनकी आत्मा को सद्गति प्रदान करें और उनके परिवारजनों को यह दुःख सहने की शक्ति दें।’
राजनाथ सिंह ने मनमोहन सिंह के निधन पर जताया दुख, कहा- उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा
मनमोहन सिंह के निधन पर दुख जताते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, ‘भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन से गहरा दुख हुआ। उन्होंने कठिन समय के दौरान भारत की अर्थव्यवस्था के पुनर्निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी सेवा और बुद्धिमत्ता के लिए उनका व्यापक सम्मान किया जाता था। भारत की प्रगति में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। ओम शांति!’
अखिलेश यादव ने मनमोहन सिंह के निधन पर जताया दुख
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन पर दुख जताया है। उन्हें सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा, ‘सत्य और सौम्य व्यक्तित्व के धनी महान अर्थशास्त्री भूतपूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी का निधन एक अंतरराष्ट्रीय अपूरणीय क्षति है।
देशभर में शोक की लहर: मनमोहन सिंह के निधन पर राजनीतिक दलों ने जताया दुख
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर देशभर में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन पर राजनीतिक दलों के नेताओं ने शोक जताया है। रॉबर्ट वाड्रा ने सबसे पहले फेसबुक पर उनके निधन की खबर साझा की थी। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने एक्स पर लिखा, “डॉ. मनमोहन सिंह एक दूरदृष्टा और अर्थशास्त्री थे। उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।” दिल्ली की सीएम आतिशी ने ट्वीट कर कहा, “पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन से देश ने एक विश्व प्रसिद्ध अर्थशास्त्री और नेता खो दिया है।”
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, “डॉ. मनमोहन सिंह का निधन देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनकी विद्वता और सादगी के गुणों को शब्दों में पिरोना असंभव है।” दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने कहा, “डॉ. मनमोहन सिंह जी का जाना एक युग का अंत है। उनका सादगी और सेवा से भरा जीवन हमें हमेशा प्रेरित करेगा।”
मनमोहन सिंह: एक महान नेता का राजनीतिक सफर
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के राजनीतिक सफर को देखा जाए तो वह 1991 से भारतीय संसद के उच्च सदन (राज्य सभा) के सदस्य रहे। जहां पर वे साल 1998 और 2004 के बीच विपक्ष के नेता की भूमिका में रहे। इसके बाद उन्होंने साल 2004 के लोकसभा चुनावों के बाद पहली बार 22 मई को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली और फिर दूसरी बार 22 मई 2009 को दूसरे कार्यकाल के लिए पद की शपथ ली। वह लगातार दस साल तक प्रधानमंत्री रहे।
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री पद पर आने वाले पहले सिख नेता और पूर्व पीएम जवाहरलाल नेहरू के बाद पूरे पांच साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद दोबारा चुने जाने वाले पहले प्रधानमंत्री भी थे। वे एक प्रसिद्ध अर्थशास्त्री थे, उन्हें मनरेगा योजना और आधार लाने का श्रेय दिया जाता है।

Advertisement

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

2,300FansLike
9,694FollowersFollow
19,500SubscribersSubscribe

Advertisement Section

- Advertisement -spot_imgspot_imgspot_img

Latest Articles

Translate »