लोकप्रिय अभिनेता दिवंगत राजन पी देव के बेटे उन्नी देव को अपनी पत्नी प्रियंका की मौत के सिलसिले में मंगलवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की ओर से ये जानकारी सामने आई है। तिरुवनंपुरम के समीप वेम्बयाम में अपने घर में प्रियंका 12 मई को फांसी पर लटकी पायी गयी थीं। एक दिन पहले ही प्रियंका (26) ने पुलिस में अपने पति के खिलाफ घरेलू हिंसा की शिकायत दर्ज करायी थी। वह एक स्थानीय विद्यालय में शारीरिक अभ्यास शिक्षिका थीं। ‘आडू’ फिल्म के अभिनेता को आज सुबह एर्नाकुलम में उनके घर से हिरासत में ले लिया गया। इससे पहले चिकित्सा जांच करके यह सुनिश्चित कर लिया गया कि वह कोविड से संक्रमण मुक्त हैं। नेदुमंगादू के पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों की एक टीम देव को यहां लेकर आयी, क्योंकि उनके खिलाफ राजधानी जिले में मामला दर्ज कराया गया था।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया ‘चूंकि वह कोविड संक्रमित थे इसलिए हम उनके इस बीमारी से उबरने का इंतजार कर रहे थे।’ उन्होंने कहा, ‘हम आज सुबह उनके घर गये और हम उन्हें लेकर जांच के लिए संबंधित अस्पताल पहुंचे।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि ‘हमने यह सुनिश्चित किया कि वह संक्रमणमुक्त हो गये हों। इस मामले में एक मेडिकल प्रमाणपत्र भी मिल गया है।’ प्रियंका के अलावा उनके मायके वालों ने भी देव के खिलाफ घरेलू हिंसा और दहेज के लिए शारीरिक एवं मानसिक रूप से परेशान करने की शिकायत दर्ज करायी थी।
बता दें कि उन्नी देव की पत्नी 12 मई 2021 को वट्टापारा वाले घर में मृत पाई गई थीं। वट्टापारा पुलिस स्टेशन ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया था। साथ ही इस बात का खुलासा हुआ था कि मृत्यु से एक दिन पहले वह अपने खिलाफ हो रही घरेलू हिंसा की शिकायत दर्ज कराने आई थीं।
इसके साथ ही ये भी पता चला कि बाद में प्रियंका के भाई ने भी उन्नी के विरुद्ध याचिका दायर की थी। इसमें उन्होंने दुर्व्यवहार के अलावा कई तरह के आरोप लगाए थे।उन्नी देव रक्षाधिकारी बैजू, जनमैथ्रि, मंदारम आदि फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। उनके पिता राजन पी देव ने 200 से अधिक फिल्मेां में अभिनय किया था।