कासरगोड़, 29 अक्टूबर 2024, मंगलवार। केरल के कासरगोड़ से बड़ी खबर सामने आई है। यहां नीलेश्वरम के निकट एक मंदिर उत्सव के दौरान सोमवार देर रात बड़ा हादसा हुआ है। मंदिर उत्सव के दौरान एक बड़ा विस्फोट हुआ जिसमें करीब 150 लोग घायल हो गए। अंचुताम्बलम वीरारकावु मंदिर में देर रात उत्सव मनाया जा रहा था। इस दौरान पटाखा भंडारण में आग लग गई और देखते ही देखते बड़ा धमाका हो गया। दुर्घटना के तुरंत बाद घायलों को कासरगोड, कन्नूर और मंगलुरु के अस्पतालों में ले जाया गया। इनमें से 8 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। चिंताजनक स्थिति को देखते हुए कलेक्टर और जिला पुलिस प्रमुख सहित जिला प्रशासन के शीर्ष अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। उन्होंने प्रभावितों को राहत पहुंचाने के लिए तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
वहीं, केरल पुलिस ने FIR दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। मंदिर उत्सव के दो आयोजकों को हिरासत में लिया गया है। कासरगोड जिला कलेक्टर ने पुष्टि की है कि आतिशबाजी के लिए कोई अनुमति नहीं दी गई थी। खबरों के मुताबिक, अंजुताम्बलम वीरारकावु मंदिर में वार्षिक कलियाट्टम उत्सव मनाया जा रहा था। कार्यक्रम के लिए आतिशबाजी मंगाई गई थी। इसे एक स्टोरेज में सुरक्षित रखा गया था। इस बीच, रात 12.30 बजे अचानक से स्टोरेज में बड़ा धमाका हुआ। वहां एक के बाद एक सभी पटाखे जलने लगे। आलम यह हुआ कि स्टोरेज में भीषण आग लग गई। उस वक्त वहां भारी संख्या में भीड़ भी मौजूद थी। भीड़ में ही लोग इस आग का वीडियो बनाने लगे। आग इतनी भीषण थी कि पलभर में 150 से ज्यादा लोग इसकी चपेट में आ गए। सभी को तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया। 8 की हालत गंभीर बनी हुई है। तुरंत फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तमाम बड़े अधिकारी मौके का जायजा लेने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि घायलों की हर संभव मदद की जाएगी।
इसके अलावा, हैदराबाद के यकतपुरा रेलवे स्टेशन के पास पूर्वी चंद्र नगर में एक दो मंजिला इमारत में कल रात करीब 11 बजे आग लगने से पति-पत्नी की मौत हो गई और एक अन्य लड़की घायल हो गई। इमारत की पहली मंजिल, जहां पेस्ट्री पकाई जा रही थी, में आग लग गई। इसके बाद आग पास में बिक्री के लिए रखे पटाखों और कपास के डिब्बों तक फैल गई। हादसे में उषारानी (50) और उनके पति मोहन लाल (58) की मौत हो गई और 18 वर्षीय श्रुति घायल हो गई। श्रुति को उस्मानिया जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया।