वाराणसी, 20 फरवरी 2025, गुरुवार। श्री काशी विश्वनाथ धाम में महाशिवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ हो गया है। गुरुवार को मंदिर न्यास के अधिकारियों ने प्रधान महादेव विग्रहों का रुद्राभिषेक किया और महोत्सव की विधिवत शुरुआत की। मंदिर के सीईओ विश्व भूषण ने धाम में स्थित मनोकामेश्वर महादेव एवं चंद्रगुप्तेश्वर महादेव का विधि-विधान से पूजन और आराधना की। इसके बाद पूजन सामग्री अर्पित कर शास्त्रोक्त विधि से रुद्राभिषेक किया। इस दौरान रुद्र मंत्रों से मंदिर प्रांगण गुंजायमान रहा।
न्यास के डिप्टी कलेक्टर शंभू शरण ने वैकुंठेश्वर एवं दंडपाणीश्वर महादेव का विधि विधान से रुद्राभिषेक किया। वहीं मंदिर के एसीईओ निखिलेश मिश्र ने अविमुक्तेश्वर महादेव, तारकेश्वर महादेव एवं नवग्रह मण्डम का रुद्राभिषेक किया। मंदिर के सीईओ विश्वभूषण ने बताया कि पिछले वर्ष नवाचार प्रारंभ कर महाशिवरात्रि से पूर्व श्री काशी विश्वनाथ धाम में स्थित प्रधान महादेव विग्रहों का रूद्राभिषेक किया गया था। इसी नवाचार को बढ़ाते हुए इस वर्ष भी धाम में स्थित प्रधान महादेव विग्रहों का रुद्राभिषेक कर महाशिवरात्रि महोत्सव की शुरुआत की गई है।