N/A
Total Visitor
32.2 C
Delhi
Monday, July 7, 2025

महाराष्ट्र: अगर आप भी करते हैं ऑनलाइन शॉपिंग तो हो जाएं सावधान

महाराष्ट्र में एक रिटायर्ड एसीपी से ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। खबर के अनुसार, रिटायर्ड अधिकारी ने ऑनलाइन सूखे मेवे खरीदने के लिए ऑर्डर किया था। जिसके बाद उनके बैंक खाते से कथित रूप से 31 हजार रुपये निकाल लिए गए। रिटायर्ड अधिकारी ने मुंबई पुलिस से इसकी शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। 

क्या है मामला
पीड़ित की पहचान पूर्व असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस ज्ञानदेव वानखेड़े के रूप में हुई है। बता दें कि ज्ञानदेव वानखेड़े भारतीय राजस्व सेवा के अधिकारी समीन वानखेड़े के पिता हैं। समीर वानखेड़े आर्यन खान ड्रग्स मामले में चर्चा में रहे थे। खबर के अनुसार, ज्ञानदेव वानखेड़े ने फेसबुक पर बीती 22 अक्तूबर को सूखे मेवे का एक विज्ञापन देखा था। इस पर वानखेड़े ने विज्ञापन में दिए नंबर पर कॉल करके सूखे मेवे का ऑर्डर दिया।

ज्ञानदेव वानखेड़े ने 2000 रुपये का ऑर्डर दिया और यूपीआई के जरिए पैसों का भुगतान किया। ऑर्डर करने के कुछ ही देर बाद उन्हें एक फोन आया, जिसमें वानखेड़े को बताया गया कि उनका ऑर्डर तैयार है लेकिन जीएसटी की वजह से डिलीवर नहीं हो पा रहा है। इस पर रिटायर्ड अधिकारी ने ऑर्डर रद्द करने को कहा और अपने पैसे वापस मांगे। इसके बाद कॉलर ने पैसे वापस करने के बहाने वानखेड़े को एक लिंक भेजा और उस पर कुछ नंबर्स डालने को कहा। वानखेड़े के ऐसा करते उनके खाते से 31 हजार रुपये कट गए। इसके बाद वानखेड़े ने पुलिस से इसकी शिकायत की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

दिव्यांग महिला को परेशान करने पर अधिकारी निलंबित

मुंबई के खार में एक दिव्यांग महिला को शादी के दिन औपचारिकताएं पूरी करने के लिए विवाह रजिस्ट्रार के दूसरी मंजिल के कार्यालय में जाने के लिए मजबूर करने के बाद एक विवाह अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। 

विराली मोदी ने पिछले हफ्ते एक्स पर एक पोस्ट में दावा किया था कि वह दिव्यांग हैं और व्हीलचेयर का इस्तेमाल करती हैं। उन्हें शादी के दिन शहर में विवाह रजिस्ट्रार के दूसरी मंजिल के कार्यालय में ले जाना पड़ा क्योंकि इमारत में लिफ्ट नहीं थी और अधिकारियों ने औपचारिकताएं पूरी करने के लिए नीचे आने से इनकार कर दिया था। इसी मामले में महाराष्ट्र के राजस्व विभाग ने बुधवार को एक सरकारी प्रस्ताव (जीआर) जारी कर अधिकारी अरुण घोडेकर को निलंबित कर दिया। 

झील में मिला बुजुर्ग का शव

महाराष्ट्र के ठाणे शहर में गुरुवार को एक झील में 70 वर्षीय एक व्यक्ति का शव मिला। ठाणे नगर निकाय के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि शव सुबह करीब सवा आठ बजे वागले एस्टेट इलाके में स्थित रायलादेवी झील में मिला।
उन्होंने बताया कि  सूचना मिलने के बाद दमकल कर्मी और आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ की एक टीम मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकाला। मृतक की पहचान मुलुंड निवासी अरविंद मुरुदकर के रूप में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया और दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया गया।

रिश्ते तार-तार हुए, भाई ने नाबालिग बहन से किया दुष्कर्म

पुलिस ने नवी मुंबई शहर के 20 वर्षीय एक व्यक्ति के खिलाफ अपनी नाबालिग बहन के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने और 2016 से कई बार उसके साथ अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने का मामला दर्ज किया है।

प्राथमिकी के अनुसार पीड़िता ने अपनी पुलिस शिकायत में आरोप लगाया कि जब वह नौ साल की थी तब से उसका भाई उसका यौन उत्पीड़न कर रहा था। अगर पीड़िता विरोध करती थी तो वह उसकी पिटाई करता था और धमकी देता था। खुद पर हो रहे अत्याचार से परेशान होकर पीड़िता ने बुधवार को एनआरआई पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। 

पुलिस ने कहा कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसके भाई ने अगस्त 2016 और 2021 के बीच और पिछले साल फरवरी से अक्टूबर तक कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया और अप्राकृतिक यौन संबंध बनाए। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

मशहूर धर्म उपदेशक बाबा महाराज सातारकर का गुरुवार को 89 साल की उम्र में निधन हो गया। बाबा महाराज का निधन नवी मुंबई के नेरुल में हुआ। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। सीएम एकनाथ शिंदे ने धर्म उपदेशक बाबा महाराज सातारकर के निधन पर दुख जताया है। पूरे महाराष्ट्र समेत देश-विदेश में बाबा महाराज सातारकर के कई अनुयायी हैं। सीएम शिंदे ने दिवंगत धर्म उपदेशक के निधन को राज्य के लिए बड़ी क्षति बताया।

newsaddaindia6
newsaddaindia6
Anita Choudhary is a freelance journalist. Writing articles for many organizations both in Hindi and English on different political and social issues

Advertisement

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

2,300FansLike
9,694FollowersFollow
19,500SubscribersSubscribe

Advertisement Section

- Advertisement -spot_imgspot_imgspot_img

Latest Articles

Translate »