महाराष्ट्र सरकार ने गुरुवार को नौकरशाही में बड़ा फेरबदल किया है। फडणवीस सरकार ने यहां भारतीय प्रशासनिक सेवा के 12 अधिकारियों का तबादला कर दिया। इनमें मिलिंद म्हैस्कर भी शामिल हैं। उन्हें वन और राजस्व विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। वहूं, स्वास्थ्य विभाग में एसीएस रहे म्हैसकर की जगह निपुण विनायक को नियुक्त किया गया है।
नये तबादले के मुताबिक, वेणुगोपाल रेड्डी को उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग में एसीएस नियुक्त किया गया है। वहीं, जितेंद्र डूडी की जगह संतोष पाटिल को सतारा का नया कलेक्टर बनाया गया है। जितेंद्र डूडी को सुहास दिवसे की जगह पुणे का कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
सुहास दिवसे को पदोन्नत किया गया है। वहीं, विकास चंद्र रस्तोगी को कृषि विभाग में प्रमुख सचिव बनाया गया है, जबकि आईए कुंदन को उद्योग, ऊर्जा और श्रम विभाग में प्रमुख सचिव नियुक्त किया गया है।
विनीता वैद सिंघल और हर्षदीप कांबले को क्रमशः पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन और सामाजिक न्याय विभागों में प्रमुख सचिव नियुक्त किया गया है। जयश्री भोज को खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण विभाग में सचिव नियुक्त किया गया है, जबकि एचएस सोनावणे को खेल और युवा कल्याण विभाग में आयुक्त बनाया गया है।