ब्रिटेन की क्रिमिनल कोर्ट ने भारतीय मूल के एक डॉक्टर को महिलाओं के शारीरिक शोषण का दोषी पाए जाने के बाद उम्रकैद की सजा सुनाई है। आरोप है कि डॉक्टर ने 4 सालों के दौरान 28 महिलाओं का शारीरिक शोषण किया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, महिलाओं के शोषण के मामले में आरोपी डॉक्टर को पहले ही तीन उम्रकैद की सजा मिल चुकी है। आरोपी डॉक्टर की पहचान मनीष शाह (53 वर्षीय) के रूप में हुई है। सोमवार को मनीष शाह को कम से कम 10 साल की सजा के साथ दो बार उम्रकैद की सजा सुनाई गई।
आरोपी डॉक्टर को बीते माह 4 महिलाओं के खिलाफ 25 शारीरिक शोषण के मामलों में दोषी पाया गया था। आरोपी डॉक्टर ने पूर्वी लंदन स्थित अपने क्लीनिक में महिलाओं का शोषण किया। डॉक्टर को महिलाओं के शारीरिक शोषण के 90 मामलों में पहले ही तीन बार उम्रकैद की सजा दी जा चुकी है। हालांकि सभी सजाएं समानान्तर चलेंगी। डॉक्टर को कुल 28 महिलाओं का 115 बार शारीरिक शोषण करने का दोषी पाया गया है। पीड़िताएं 15-34 साल के बीच की महिलाएं हैं।
डॉक्टर पर आरोप है कि उसने अपनी यौन संतुष्टि के लिए महिला मरीजों की बेवजह की अंतरंग जांच की। सजा का ऐलान करते हुए क्रिमिनल कोर्ट के जज पीटर रुक ने कहा कि आरोपी अभी भी महिलाओं के लिए खतरा है और उसका व्यवहार उसकी पीड़िताओं को लंबे समय के लिए मानसिक नुकसान पहुंचा सकता है। हालांकि अपने बचाव में डॉक्टर ने यह बताने की कोशिश की वह काफी देखभाल करने वाला डॉक्टर है और इसी के चलते उसने सावधानी के लिए महिलाओं की अतिरिक्त जांचें की।
साल 2020 में मामले की सुनवाई के दौरान आरोपी डॉक्टर मनीष शाह ने कुछ भी गलत करने की बात से साफ इंकार किया था और दावा किया कि जिसे शारीरिक शोषण बताया जा रहा है, वह सिर्फ मरीजों के बचाव के लिए की गईं जांचें थी। हालांकि कोर्ट ने उसके इन दावों को नहीं माना और दोषी करार देकर उम्रकैद की सजा सुनाई।