यूपी के बरेली में फर्जीवाड़े का एक ऐसा मामला सामने आया है कि पुलिस अधिकारी भी सुनकर हैरान रह गए। यहां एक शख्स ने फर्जी कॉन्स्टेबल बनकर महिला पुलिसकर्मी को न सिर्फ अपनी हवस का शिकार बनाया बल्कि उनके साथ ठगी की, और दिखावटी शादी भी कर ली। उसने ऐसा सिर्फ एक महिला पुलिसकर्मी के साथ ही नहीं बल्कि कई के साथ किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान लखीमपुर के रहने वाले राजन वर्मा के रूप में हुई है।
खबरों के मुताबिक, राजन ने 1200 रुपए में पुलिस की फर्जी वर्दी सिलवाई और 700 रुपए में पुलिस के जूते खरीदे थे। इसके बाद वह पुलिस वाला बनकर केवल वर्मा सरनेम वाली महिला सिपाहियों को ही अपना टारगेट बनाता था। पहले वह महिला सिपाही से दोस्ती करता था और उनसे कहता था कि तुम भी वर्मा हो और मैं भी। मैं तुम्हारा प्रमोशन करवा दूंगा। जिसके बाद महिला सिपाही उसके झांसे में फंस जाती थी। उसके बाद शातिर प्यार का जाल बिझाकर उन्हें शादी का झांसा देता और उनके साथ शारीरिक संबंध बनाता था।
सूत्रों के मुताबिक, राजन ने अपने गांव में पेठा बनाने का काम करता था। उसने पेठा बनाने की एक छोटी से फैक्ट्री लगाई थी। जिसकी सप्लाई वो अयोध्या में करता था। इसी दौरान एक दिन राजन की मुलाकात SOG के सिपाही से हो गई और दोनों के बीच अच्छी पहचान हो गई। जिसके बाद राजन लगातार SOG के सिपाही से मिलने लगा।।इस दौरान एसओजी सिपाही ने राजन को अपना मुखबिर बना लिया।
राजन ने कानपुर देहात में तैनात एक महिला सिपाही से पहले दोस्ती की और फिर शादी का झांसा देकर उसे होटल ले गया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब महिला को राजन की सच्चाई पता चली तो चकमा देकर वहां से फरार हो गया। बात यही नहीं रुकी उसके बाद राजन ने पुलिस की साइट से महिला सिपाहियों की डिटेल लेकर नंबर अरेंज किए। उसके बाद फिर से वही काम शुरू किया। इस दौरान राजन ने एक महिला सिपाही से फर्जी तरीके से शादी भी रचाई और उससे 7 लाख रुपए की ठगी की।
अभी तक इसने अपने बयान में 8, 10 घटनाओं को कबूला है क्योंकि इसमें चार से पांच मुकदमे पहले से ही दर्ज हैं। मुरादाबाद में दो, लखीमपुर खीरी में, बरेली में भी एक मुकदमा दर्ज हुआ है। इसके अलावा और भी घटनाओं की छानबीन की जा रही है। मुख्य रूप से ये महिला पुलिसकर्मियों को ही टारगेट करता था। उन्हें शादी का झांसा देकर उनके साथ फ्रॉड करने का कार्य करता था। बरेली में जो मुकदमा दर्ज हुआ है उसमें महिला पुलिसकर्मी के साथ 30 लाख रुपए की धोखाधड़ी की है।
एसपी सिटी राहुल भाटी ने बताया कि थाना कोतवाली में 13 जुलाई 2024 को आईपीसी की धारा 376 और धोखाधड़ी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी द्वारा महिला पुलिसकर्मी के साथ शादी का झांसा देकर धोखाधड़ी की गई थी। काफी लंबे समय से वो फरार चल रहा था, उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी का नाम राजन वर्मा है। वो जिन महिला पुलिसकर्मियों को टारगेट करता था, उनका पूरा डाटा पुलिस की ऑफिशियली वेबसाइट से निकलाता था। उसमें सारी जानकारी रहती है कि महिला पुलिसकर्मी की पोस्टिंग कहां है, अपने आप को पुलिसकर्मी बताकर और जो पुलिस के साथ फोटो है उनको भेजकर अपने झांसे में लेता था।