आपने भी अक्सर यह कहावत सुनी होगी- ‘संडे हो या मंडे रोज खाएं अंडे। आमतौर पर प्रोटीन का जिक्र होते ही सबसे पहला ख्याल अंडों का आता है। पर अंडे सिर्फ प्रोटीन तक ही सीमित नहीं हैं। अध्ययनों से पता चलता है कि अंडों में विटामिन बी के कई प्रकार, फोलेट, विटामिन डी और के के साथ अन्य कई तरह के पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो इसके सेवन को काफी स्वास्थ्यबर्धक बनाते हैं। यही कारण है कि सभी लोगों को रोजाना कम से कम एक अंडा खाने की सलाह दी जाती है।
अध्ययनों से पता चलता है कि अंडे में विभिन्न ट्रेस पोषक तत्व भी होते हैं जो स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण होते हैं। वास्तव में अंडे को सुपरफूड कहना गलत नहीं है। कोरोना के इस दौर में इम्युनिटी को बढ़ाने के लिए भी लोगों को रोजाना अंडे खाने की सलाह दी जाती रही है। अंडों को कच्चा, उबालकर या इसकी करी के रूप में सेवन किया जा सकता है। आइए जानते हैं कि रोजाना अंडे खाना सेहत के लिए किस तरह से लाभदायक हो सकता है?
अध्ययनों से पता चलता है कि हृदय की तमाम तरह की बीमारियों के खतरे को कम करने के लिए रोजाना अंडे का सेवन करना फायदेमंद हो सकता है। अंडा शरीर में गुड कोलेस्ट्रॉल के स्तर को बढ़ाने और बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करता है, जिससे हृदय रोग का खतरा कम हो जाता है। अंडे का सेवन एचडीएल (गुड कोलेस्ट्रॉल) को बढ़ाने का एक बेहतरीन तरीका है। एक अध्ययन में पाया गया है कि छह सप्ताह तक प्रतिदिन दो अंडे खाने से एचडीएल का स्तर 10 फीसदी तक बढ़ सकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक रोजाना अंडा खाने वाले लोगों की आंख की रोशनी लंबे समय तक बनी रहती है। आंखों के स्वास्थ्य के लिए कुछ पोषक तत्वों को विशेष लाभदायक माना जाता है। इसमें ल्यूटिन और ज़ेक्सैन्थिन एंटीऑक्सिडेंट सबसे महत्वपूर्ण हैं। अध्ययनों से पता चलता है कि इन पोषक तत्वों का पर्याप्त मात्रा में सेवन मोतियाबिंद और समय से पहले रोशनी कम होने जैसे जोखिम को काफी कम कर देती हैं। अंडे की जर्दी में ल्यूटिन और ज़ेक्सैन्थिन दोनों पाए जाते हैं। रोजाना अंडे खाना आंखों की सेहत के लिए विशेष लाभदायक हो सकता है।
अंडों को सबसे खास बनाती है इसमें मौजूद प्रोटीन की मात्रा। प्रोटीन मानव शरीर के निर्माण और विकास के लिए बहुत आवश्यक हैं। अंडे प्रोटीन का एक उत्कृष्ट स्रोत हैं, एक बड़े अंडे में करीब छह ग्राम प्रोटीन होता है। इसके अलावा अंडे में सभी आवश्यक अमीनो एसिड भी सही अनुपात में होते हैं, ऐसे में अंडों का सेवन न सिर्फ मांसपेशियों के निर्माण को बढ़ावा देता है साथ ही शरीर के लिए इसके कई अन्य तरह के भी लाभ हो सकते हैं।