नई दिल्ली, 21 जनवरी 2025, मंगलवार। इस साल गणतंत्र दिवस पर कर्तव्य पथ पर होने वाली परेड में ग्रामीण विकास मंत्रालय अपनी झांकी में ‘लखपति दीदी’ योजना को प्रदर्शित करेगा। इस योजना का मुख्य उद्देश्य महिला स्वयं सहायता समूह के सदस्यों के लिए न्यूनतम एक लाख रुपये की वार्षिक आय सुनिश्चित करना है।
इस वर्ष मंत्रालय की झांकी का विषय ‘लखपति दीदी’ योजना है, जिसमें ‘सशक्त महिलाएं, समृद्ध परिवार, मजबूत राष्ट्र’ लिखे बैनर के साथ-साथ उद्यमिता, आत्मनिर्भरता और शिक्षा के माध्यम से महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को प्रदर्शित किया जाएगा।
झांकी में पैसों की गठरी थामे ‘लखपति दीदी’ की एक प्रतीकात्मक प्रतिमा होगी, जो उनकी वित्तीय आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। इसके अलावा, विभिन्न आर्थिक गतिविधियों में लगी विविध ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं की मूर्तियां भी झांकी में प्रदर्शित की जाएंगी।
ग्रामीण विकास मंत्रालय के अनुसार, इस योजना के तहत 1.15 करोड़ से अधिक महिला स्वयं सहायता समूह सदस्य ‘लखपति दीदी’ बन गई हैं।