लखीमपुर खीरी, 5 जून 2025, गुरुवार: नेपाल सीमा के पास पलिया क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लगभग 2 करोड़ रुपये कीमत के अवैध कृत्रिम मानव अंग बरामद किए गए हैं। पलिया सीओ यादवेंद्र यादव ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों को रोका। उनकी गाड़ी और घर की तलाशी में 134 पैकेट कृत्रिम मानव अंग मिले, जो नेपाल के रास्ते तस्करी कर भारत लाए गए थे।
सीओ ने बताया कि बरामद सामान की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2 करोड़ रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ अवैध तस्करी का मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ये कृत्रिम अंग कहां से लाए गए और इन्हें कहां सप्लाई किया जाना था। इस घटना ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है, और पुलिस ने सीमा पर निगरानी बढ़ा दी है।