लखनऊ, 17 मार्च 2025, सोमवार। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सपा का पीडीए (परिवार डबलपमेंट एजेंसी) केवल धोखेबाजी है। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए कहा कि वह उनके लिए हमेशा आदरसूचक शब्दों का उपयोग करेंगे, लेकिन अखिलेश यादव की तुष्टिकरण की राजनीति का जवाब यूपी की जनता देगी।
केशव प्रसाद मौर्य ने यह भी कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को कभी भी कोई मजबूत पिछड़ा नेता सहन नहीं होता। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने औरंगज़ेब का महिमामंडन करने वाले विधायक अबू आज़मी को सपा से बाहर नहीं किया।
इसके अलावा, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भारत निर्वाचन आयोग से फर्जी वोटिंग पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को आधार से जोड़ने से फर्जी वोटिंग पर रोक लगेगी और चुनावी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस, सपा, राजद, तृणमूल कांग्रेस जैसे दलों ने वोट बैंक की राजनीति के लिए बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों तक को फर्जी मतदाता बनवाने का पाप किया है।