दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल भाजपा को कूड़े के मुद्दे पर घेरने के लिए गुरुवार को गाजीपुर लैंडफिल साइट पर पहुंचे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन जारी रहा। इससे पहले दिल्ली भाजपा कार्यकर्ता और आप कार्यकर्ता गुरुवार को गाजीपुर में आमने-सामने आ गए और एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी की
आप एमसीडी प्रभारी ने भाजपा पर अपने ही कार्यकर्ताओं को धमकाने के लगाए थे आरोप
आप विधायक व एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक ने कहा था कि हार के डर से भाजपा ने अपने ही कार्यकर्ताओं को धमकाना शुरू कर दिया है। भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं को चेतावनी दी है कि अगर किसी ने एमसीडी चुनाव के दौरान कूड़े का नाम लिया तो उसे पार्टी से निकाल दिया जाएगा।
केजरीवाल की भाजपा समर्थकों से अपील पार्टी भूल देश के लिए वोट दो
गाजीपुर लैंडफिल साइट पहुंचे सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मेरी भाजपा के समर्थकों से अपील है- ‘थोड़ा सोचो। बीजेपी ने दिल्ली को गंदगी और कूड़े के पहाड़ों के सिवाय क्या दिया? एक बार अपनी पार्टी भूलकर देश के लिये वोट दो’
भाजपा और आप कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे के खिलाफ जमकर की नारेबाजी
गुरुवार सुबह से ही भाजपा कार्यकर्ता दिल्ली सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे, इसके तुरंत बाद आप कार्यकर्ता भी वहां पहुंचे और उनके खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर पुलिस बल मौजूद है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को गाजीपुर लैंडफिल साइट देखने का एलान किया था। उन्होंने गाजीपुर लैंडफिल साइट पर जाने के संबंध में ट्वीट करके जानकारी दी।