आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिद्धू के बीच शाब्दिक जंग तेज होने लगी है। नवजोत सिद्धू ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को खुली बहस की चुनौती दी थी, जिसके जवाब में केजरीवाल ने कहा कि पार्टी के पंजाब प्रधान सांसद भगवंत मान सिद्धू से बहस करेंगे।
इसके बाद सिद्धू ने जवाब दिया कि भगवंत मान वह मुख्यमंत्री नहीं हैं जो ब्लैक लिस्टेड विधायक दीप मल्होत्रा के साथ शराब माफिया चला रहे हैं। दिल्ली में काले कृषि कानून को अधिसूचित करने वाले वे नहीं थे। दिल्ली हवाई अड्डे के लिए मुनाफे वाले मार्गों पर बादलों की बसों की अनुमति देने वाले भगवंत मान नहीं है। सिद्धू ने अरविंद केजरीवाल को कई मामलों में खुली बहस करने की चेतावनी दी थी
चंडीगढ़ में बोले थे केजरीवाल-पंजाब कांग्रेस प्रधान से आप पंजाब प्रधान बहस करेंगे
चंडीगढ़ में रविवार को अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने आम आदमी पार्टी को बहस की चुनौती दी है। हमें उनकी चुनौती स्वीकार है। सिद्धू जगह और समय तय कर लें।
केजरीवाल ने बहस के लिए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भगवंत मान का नाम तय किया और सकारात्मक चर्चा की उम्मीद जताई। कहा कि सिद्धू कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हैं, इसलिए हमारी पार्टी के भी प्रदेश अध्यक्ष भगवंत मान उनसे पंजाब के विकास के मुद्दे पर बहस करेंगे।
पहले रेत खनन और मुफ्त के वादों पर भिड़े थे दोनों नेता
इससे पहले केजरीवाल ने रेत खनन मामले में सिद्धू की चुप्पी पर सवाल उठाए थे। सिद्धू ने ट्वीट किया था जिसमें आप के वादों पर सवाल उठाया था। उन्होंने लिखा कि अरविंद केजरीवाल जी पंजाबी जानना चाहते हैं कि आप उन मुफ्त उपहारों के लिए फंड कहां से लाएंगे जिनकी आप प्रतिदिन घोषणा करते हैं।
अगर आप वादों के लिए बुनियादी आर्थिक समर्थन नहीं दे सकते हैं तो लोगों को बेवकूफ बनाना बंद करें। पंजाबी भीख के नहीं बल्कि आय के लायक हैं। पंजाब मॉडल सभी पंजाबियों के लिए आय और अवसर प्रदान करने के लिए मॉडल है। इसके जवाब में केजरीवाल ने लिखा कि अखबार/टीवी वालों ने आपके सीएम के क्षेत्र में रेत चोरी पकड़ी है। उनका कहना है सीएम के रेत माफिया से सम्बंध हैं। सीएम कोई एक्शन नहीं ले रहे।
बादल जी और कैप्टन साहिब दोनों इस पर चुप हैं। आप भी चुप हैं। क्यों? सीएम से लेकर नीचे तक रेत चोरी हो रहा है। इसे रोकेंगे तो 20 हजार करोड़ रुपये आ जाएंगे।