संभल, 24 नवंबर 2024, रविवार। उत्तर प्रदेश के संभल जिले में जामा मस्जिद को लेकर एक बड़ा विवाद शुरू हो गया है। मस्जिद को हरिहर मंदिर बताने के बाद तनाव का माहौल बन गया है। प्रशासन ने मस्जिद की सुरक्षा के लिए पीएसी, आरआरएफ और कई थानों की पुलिस तैनात की है।
इस विवाद की शुरुआत तब हुई जब संभल सिविल जज सीनियर डिवीजन की अदालत में जामा मस्जिद को हरिहर मंदिर बताने पर वाद दायर किया गया। कोर्ट ने इस मामले में एडवोकेट कमिश्नर नियुक्त किया और अगली सुनवाई की तारीख 29 नवंबर निर्धारित की।
अदालत के आदेश के बाद एडवोकेट कमिश्नर ने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के साथ मस्जिद का सर्वे किया, जिसके दौरान मस्जिद के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस को उन्हें हटाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिस प्रशासन ने अफवाहों से बचने के लिए शहर में पैदल मार्च किया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। दो प्रमुख सड़कें बंद कर दी गई हैं और मस्जिद तक जाने के लिए एक ही मार्ग खुला रखा गया है। स्थिति फिलहाल सामान्य बनी हुई है, लेकिन प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पूरे जिले में निगरानी बढ़ा दी है।