वाराणसी, 17 जनवरी 2025, शुक्रवार। समाजवादी पार्टी के प्रमुख एवं सांसद अखिलेश यादव पर अभद्र एवं अमर्यादित जातिसूचक टिप्पणी किए जाने पर सपाई भड़क गए। सपा के प्रदेश सचिव राजू यादव एवं पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा “विश्वकर्मा” के नेतृत्व में सपाई एवं अधिवक्ताओं ने संयुक्त पुलिस आयुक्त डॉ एजिलरसन से मुलाकात कर रोष व्यक्त करते हुए पत्रक सौंपा।
सपा नेता राजू यादव ने डॉ एजिलरसन से कहा कि सरफरान राजेश सिंह द्वारा अपने फेसबुक आईडी से सोशल मीडिया पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के ऊपर जातिसूचक अमर्यादित अभद्र टिप्पणी करने से सपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा ने संयुक्त पुलिस आयुक्त से कहा कि इस तरह की टिप्पणी से कभी भी धार्मिक उन्माद फैलने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि अगर समय रहते शिकंजा नहीं कसा गया तो सपाई भी भाजपा के शीर्ष नेताओं के खिलाफ उसी तर्ज पर कार्य करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी उसी व्यक्ति ने कई बार सोशल मीडिया पर टिप्पणी कर चुका है, मगर पूर्व में पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने से सपा कार्यकर्ताओं में भारी रोष है।
सपा नेताओं की शिकायत पर संयुक्त पुलिस आयुक्त एजिलरसन ने तत्काल पुलिस अधिकारियों के निर्देश देकर अभियोग पंजीकृत करने के साथ कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दिया।