इंदौर, 7 फरवरी 2025, शुक्रवार। मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और 17 लोग घायल हो गए। यह हादसा आगरा को मुंबई से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ, जब श्रद्धालुओं की मिनी बस और एक स्पोर्ट बाइक मानपुर थाना क्षेत्र में भेरू घाट उतरते समय बेकाबू हुई और ये दोनों वाहन आगे चल रहे टैंकर से जा भिड़े।
पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) उमाकांत चौधरी ने बताया कि हादसे में मिनी बस में सवार दो श्रद्धालुओं और स्पोर्ट बाइक पर सवार दो लोगों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। डीएसपी ने बताया कि हादसे में 17 लोग घायल हो गए, जिनमें चार वर्ष का बच्चा और आठ महिलाएं शामिल हैं। इन घायलों को इंदौर के शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि ये लोग कर्नाटक के रहने वाले हैं।