हॉलीवुड अभिनेत्री हेलेन मेकक्रोरी के फैन्स के लिए एक दुखद खबर सामने आई है। हेलेन मेकक्रोरी का निधन हो गया है। हेलेन कैंसर से जूझ रही थीं और 52 की उम्र में उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। हेलेन मेकक्रोरी के निधन की जानकारी उनके पति डैमियन लुइस ने सोशल मीडिया पर दी।
डैमियन लुइस का पोस्ट
डैमियन लुइस ने हेलेन के निधन की जानकारी देते हुए ट्विटर पर लिखा, ‘अत्यंत दुख के साथ मैं ये आप सभी के साथ साझा कर रहा हूं कि कैंसर से जंग लड़ने के बाद आखिरकार हेलेन मेकक्रोरी का निधन हो गया है। हेलेन ने अपने परिवार और दोस्तों के बीच घर पर ही अपनी आखिरी सांस ली। हम सभी बेहद खुशकिस्मत हैं, जो हम हेलेन के साथ रहे। वह एक चमकता सितारा थीं।
हैरी पॉटर सहित इन फिल्मों में किया काम
बता दें कि हेलेन मेकक्रोरी ने जेम्स बॉन्ड की फिल्म स्काइफॉल के साथ ही मार्टिन स्कोरसिसी की ह्यूगो में भी काम किया है। वहीं फैन्स उन्हें उनके हैरी पॉटर में निभाए गए किरदार के लिए हमेशा याद करेंगे। इसके साथ ही हेलेन ने ‘पीकी ब्लाइंडर्स’ शो में पोली ग्रे के किरदार से भी दर्शकों का दिल जीता था।