हरियाणा के हिसार में उकलाना क्षेत्र में सात साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता के परिजनों ने रिश्ते में बच्ची के मामा लगने वाले व्यक्ति पर आरोप लगाया है। पता चलने पर डीएसपी कप्तान सिंह और एसएचओ बलवंत सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस पीड़िता की मेडिकल जांच करवा रही है। पुलिस ने आरोपी पर दुष्कर्म, 6 पॉक्सो एक्ट आदि अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
पुलिस को दिए गए बयान में पीड़िता की मां ने बताया कि मेरे पति रेहड़ी लगाते हैं। हर रोज की तरह सुबह वे घर से चले गए। मैं किसी काम से घर से बाहर पड़ोस में चली गई। घर पर मेरी सात साल की बेटी अकेली थी। कुछ देर बाद मेरी जेठानी का भाई घर पर आया। उस समय घर पर कोई नहीं था। बेटी को अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गया।
जब घर पहुंची तो बेटी रो रही थी और सहमी हुई थी। बेटी को संभाला। बाद में बेटी ने बताया कि मेरे साथ गलत काम किया है। परिजन बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल लेकर आए। वहां से चिकित्सकों ने उसे बरवाला के सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया। रात तक परिजन अस्पताल में ही थे। पता चलने पर डीएसपी कप्तान सिंह और थाना प्रभारी बलवंत सिंह मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से बातचीत की।
पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर आरोपी पर दुष्कर्म और 6 पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।