नई दिल्ली, 28 अक्टूबर 2024, सोमवार। बिहार की मशहूर लोक गायिका शारदा सिन्हा इस वक़्त दिल्ली के एम्स में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है। पद्म भूषण से सम्मानित शारदा सिन्हा पिछले छह वर्षों से मल्टीपल मायलोमा नाम के ब्लड कैंसर से पीड़ित हैं। इस बीमारी का एक इंजेक्शन की कीमत 8 लाख रुपए है। सिन्हा को 10 इंजेक्शन लगाए जाएंगे। उन्हें एम्स के अंकोलॉजी मेडिकल डिपार्टमेंट के आईसीयू में रखा गया है। जहां उनकी हालत काफी नाजुक बताई जा रही हैं। बताया जा रहा है कि पांच डॉक्टरों की टीम शारदा सिन्हा का इलाज कर रही है। एम्स के डायरेक्टर श्रीनिवासन खुद शारदा सिन्हा के इलाज पर नजर बनाए रखें है।
71 साल की शारदा सिन्हा मैथिली और भोजपुरी में लोकगीत गाने के लिए मशहूर हैं। उन्होंने सलमान खान की फिल्म मैंने प्यार किया के साथ ही कई फिल्मों में प्लेबैक सिंगर के रूप में अपनी आवाज दी है। छठ पर्व के दौरान उनके गाए गाने काफी सुने जाते हैं। अब तक वो 62 से भी ज्यादा छठ के गीतों को अपनी आवाज दे चुकी हैं। संगीत के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए 1991 में उन्हें पद्म श्री और 2018 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। बिहार में छठ पूजा का माहौल दिखने लगा है। शारदा सिन्हा के गीत सुनाई देने लगे हैं। मगर, प्रसिद्ध लोक गायिका शारदा सिन्हा दिल्ली एम्स के कैंसर सेंटर में ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं।
बता दें, इसी साल 21 सितम्बर को उनके पति ब्रज किशोर का 80 साल की उम्र में ब्रेम हैमरेज से निधन हो गया था। पति की मौत से उन्हें काफी बड़ा सदमा लगा था। जिसके बाद लगातार उनकी हालत बिगड़ती चली गई। उन्हें खाने-पीने में काफी समस्याएं हो रही थीं। वहीं, केंद्रीय बीजेपी के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने एम्स पहुंचकर शारदा सिन्हा के बेटे अंशुमन सिन्हा से उनकी मां के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। नड्डा ने एम्स के अधिकारियों से शारदा सिन्हा के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के लिए कहा है। रविवार 27 अक्टूबर को पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे, केंद्रीय राज्यमंत्री रामनाथ ठाकुर और राज्यसभा सांसद धर्मशिला गुप्ता AIIMS पहुंचे जहां उन्होंने शारदा सिन्हा से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।